भारत

धोखाधड़ी के मामले में किरण गोसावी की महिला साथी गिरफ्तार

jantaserishta.com
13 Nov 2021 7:39 AM IST
धोखाधड़ी के मामले में किरण गोसावी की महिला साथी गिरफ्तार
x
पढ़े पूरी खबर

युवाओं को विदेश में नौकरी का लालच देकर लाखों रुपये ठगने वाले किरण गोसावी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. धोखाधड़ी के मामले में गोसावी की महिला साथी कुसुम गायकवाड़ को पुणे के लश्कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. किरण गोसावी और कुसुम गायकवाड़ के खिलाफ पुणे में लश्कर पुलिस ने शिवराज जमादार को विदेश में नौकरी के लिए कथित तौर पर फुसलाने के आरोप में मामला दर्ज किया है.

लश्कर पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत आरोपी कुसुम गायकवाड़ को गिरफ्तार किया है. दुबई से पुणे पहुंचने के बाद कुसुम को लश्कर पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
बता दें, आर्यन खान मामले की मुख्य गवाह किरण गोसावी को लगातार मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. दरअसल, महाराष्ट्र में पुणे छावनी थाने की पुलिस ने गुरुवार को किरण गोसावी को वर्ष 2020 में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में अपनी हिरासत में ले लिया है.
गोसावी को अदालत ने वर्ष 2018 के एक अन्य धोखाधड़ी के मामले में मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेजा था. अदालत ने उसे पुणे के ही फर्शखाना पुलिस थाने में दर्ज एक मामले में न्यायिक हिरासत में भेजा था. आरोप है कि गोसावी ने मलेशिया के होटल उद्योग में नौकरी दिलाने के नाम पर चिन्मय देशमुख नामक व्यक्ति से 3.09 लाख रुपये की धोखाधड़ी की.
वहीं, पुणे छावनी पुलिस थाने में दर्ज मामले में आरोप है कि गोसावी ने वर्ष 2020 में मलेशिया में नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लोगों से करीब चार लाख रुपये की धोखाधड़ी की. गोसावी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा-420 और 468 के तहत मामला दर्ज किया गया है. छावनी थाने के अधिकारियों ने मंगलवार को अदालत में आवेदन देकर गोसावी की हिरासत देने का अनुरोध किया था जिसे स्वीकार कर लिया गया.
छावनी पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अशोक कदम ने बृहस्पतिवार को बताया, ''हमने गोसावी को हमारे थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर गिरफ्तार किया और उसे अदालत में पेश किया. अदालत ने उसे 17 नवंबर तक पुलिस की हिरासत में भेजा है.''
गौरतलब है कि, मुंबई तट के नजदीक स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा दो अक्टूबर को क्रूज जहाज पर छापेमारी की कार्रवाई करने के बाद गोसावी की अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के साथ की तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए थे.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story