भारत

अपहरण कर रचाई शादी, दरगाह में करवाया धर्म परिवर्तन भी

Nilmani Pal
18 July 2023 1:16 AM GMT
अपहरण कर रचाई शादी, दरगाह में करवाया धर्म परिवर्तन भी
x
महिला की शिकायत पर 5 लोगों पर मामला दर्ज

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के नया नगर इलाके में दूसरे धर्म की 22 वर्षीय महिला का अपहरण करने और उसकी जबरन शादी कराने के आरोप में सोमवार को पांच लोगों पर मामला दर्ज किया गया। नया नगर थाने के निरीक्षक जितेंद्र वनकोटी ने कहा कि आरोपियों में एक व्यक्ति, उसकी मां और शादी कराने वाला मौलाना शामिल है। अधिकारी ने कहा, ‘पीड़िता और आरोपी की मुलाकात 2021 में एक कंप्यूटर क्लास में हुई थी। उसने उससे शादी नहीं करने पर आत्महत्या की धमकी दी थी। उसने अपने घर पर भी उसके साथ बलात्कार किया। इस साल मार्च में, आरोपी ने लड़की को बताया कि उसके पास उसकी निर्वस्त्र तस्वीरें हैं।

अधिकारी ने एफआईआर के हवाले से कहा, ‘20 जून को आरोपी ने महिला का अपहरण कर लिया और तस्वीरें प्रसारित करने की धमकी देकर उससे शादी कर ली। कथित शादी एक दरगाह में हुई, जहां महिला को धर्म परिवर्तन के लिए भी मजबूर किया गया।

अधिकारी ने कहा, पड़ोसियों ने देखा कि जब आरोपी और उसके रिश्तेदार बाहर निकलते थे तो महिला अंदर बंद हो जाती थी। इसके बाद पड़ोसियों ने महिला को बचाया। उन्होंने कहा, ‘आरोपी उसे वापस ले गए और जब महिला ने भागने की कोशिश की तो उसे पीटा गया। हालांकि, वह अपने माता-पिता के घर पहुंचने में कामयाब रही जिसके बाद मामला दर्ज किया गया। किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और जांच जारी है।


Next Story