भारत

समस्याएं सुनने की जगह चले लात-घूंसे, पंचायत घर में बवाल, VIDEO

jantaserishta.com
14 Aug 2026 10:48 AM IST
समस्याएं सुनने की जगह चले लात-घूंसे, पंचायत घर में बवाल, VIDEO
x
वीडियो हुआ वायरल.
रामपुर: यूपी के रामपुर में एक पंचायत घर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. जगह थी अजीमनगर थाना क्षेत्र का जैनपुर गांव. मौका था 'संवाद दिवस' का. मतलब वो कार्यक्रम, जहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जानी थीं. लेकिन यहां समस्याओं का समाधान तो दूर, कुछ ही देर में माहौल ऐसा बिगड़ा कि कुर्सियां चलने लगीं और हाथापाई शुरू हो गई.
पंचायत घर में मौजूद लोगों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकीं. किसी ने इस पूरे बवाल का वीडियो बना लिया. अब वही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. उच्च अधिकारियों के निर्देश पर जैनपुर गांव के पंचायत घर में संवाद दिवस का आयोजन किया गया था.
ग्राम पंचायत सचिव और ग्रामीण कार्यक्रम में मौजूद थे. मकसद था कि ग्रामीणों की बात सुनी जाए, उनकी समस्याओं पर चर्चा हो और संबंधित स्तर पर समाधान निकाला जाए. लेकिन इसी दौरान किसी मुद्दे को लेकर कहासुनी हो गई. पहले बातों से बात हुई. आवाजें ऊंची हुईं. फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया. और इसके बाद पंचायत घर में जो हुआ, वो कैमरे में रिकॉर्ड हो गया.
वायरल वीडियो में कई लोग आपस में भिड़ते दिखाई दे रहे हैं. कुछ लोग एक-दूसरे के साथ हाथापाई कर रहे हैं. मामला इतना बढ़ा कि पंचायत घर में रखी कुर्सियां भी उठा ली गईं. वीडियो में लोग एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकते नजर आ रहे हैं. यानी जिस जगह ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच बातचीत होनी थी, वहीं बातचीत की जगह कुर्सियों ने ले ली.
पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद घटना चर्चा में है. हालांकि, विवाद की शुरुआत किस बात से हुई और सबसे पहले किसने हाथ उठाया, इसकी तस्वीर पुलिस की जांच के बाद ही साफ होगी. मारपीट के बाद ग्राम प्रधान की ओर से अजीमनगर थाने में तहरीर दी गई. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है.
रामपुर के अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि जैनपुर गांव के पंचायत घर में मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है. इस मामले में पुलिस को तहरीर मिल चुकी है और अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है. मामले की विवेचना की जा रही है. अब पुलिस वायरल वीडियो समेत दूसरे सबूतों की जांच कर रही है. वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और उनकी भूमिका भी जांच का हिस्सा है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story