भारत
खान सर पर कई लड़कियों के शोषण का आरोप, निखिल कोचिंग डायरेक्टर बोले- जल्द करूंगा खुलासा
jantaserishta.com
13 Sept 2026 4:37 PM IST

x
सुरक्षा की मांग की.
पटना: पटना में खान ग्लोबल स्टडीज के डायरेक्टर और शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। निखिल कोचिंग के डायरेक्टर निखिल कुमार ने खान सर पर कई लड़कियों के शोषण का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि ऐसी 7 से 8 लड़कियां उनके संपर्क में हैं, जो इंसाफ चाहती हैं। निखिल कुमार का कहना है कि वह इन मामलों को सामने लाने और लड़कियों की लड़ाई लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
निखिल कुमार ने सुरक्षा की मांग की
निखिल कुमार ने शनिवार को पटना के एक होटल में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि खान सर की ओर से उनकी रेकी कराई जा रही है और उन्हें धमकियां भी मिल रही हैं। उन्होंने इस संबंध में पटना SSP से अपनी सुरक्षा की मांग की है।
निखिल कुमार के मुताबिक, करीब एक महीने पहले उत्तर प्रदेश की एक लड़की ने खान सर के खिलाफ पीरबहोर थाने में सुरक्षा को लेकर आवेदन दिया था। लड़की का कहना था कि वह खान सर से जुड़े कई राज जानती है और इसी वजह से उसे अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा महसूस हो रहा है।
निखिल कुमार ने उस लड़की का समर्थन किया। उनका दावा है कि इसके बाद से उन्हें कथित तौर पर धमकियां मिलने लगीं और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
7-8 लड़कियों के संपर्क में होने का दावा
निखिल कुमार ने आरोप लगाया कि खान सर पर कई लड़कियों के शोषण से जुड़े मामले हैं। उनका कहना है कि 7 से 8 ऐसी लड़कियां उनके संपर्क में हैं, जो खुद को प्रताड़ित महसूस करती हैं और इंसाफ चाहती हैं।
निखिल कुमार का दावा है कि उनके पास इन आरोपों से जुड़े पक्के सबूत मौजूद हैं और वह जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश की लड़की के सामने आने के बाद कुछ और लड़कियों ने भी अपनी बात रखने की हिम्मत दिखाई है, जबकि कई लड़कियां अभी भी डर की वजह से सामने नहीं आ रही हैं। हालांकि, ये सभी आरोप निखिल कुमार की ओर से लगाए गए हैं। खबर में इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पैसे का ऑफर देने और रेकी कराने का आरोप
निखिल कुमार ने यह भी दावा किया कि खान सर के बारे में सच्चाई सामने लाने की कोशिश के दौरान उन्हें पैसे का ऑफर दिया गया था। उन्होंने कहा कि इस कथित ऑफर को उन्होंने ठुकरा दिया, जिसके बाद उनकी गतिविधियों पर नजर रखे जाने लगी।
उन्होंने पटना SSP को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि 25 जून 2026 से शाहगंज स्थित उनकी वर्तमान निखिल कोचिंग के आसपास उनकी रेकी कराई जा रही है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कराने और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान निखिल कुमार ने खान सर के साथ अपनी एक तस्वीर भी दिखाई। उनका कहना था कि बाजार में यह अफवाह फैलाई जा रही है कि खान सर ने उन्हें खरीद लिया है। निखिल ने इन बातों से इनकार करते हुए कहा कि वह अपने आरोपों पर कायम हैं।
कोचिंग हड़पने का भी लगाया आरोप, टीम ने दी सफाई
निखिल कुमार ने अपनी शिकायत में खान सर पर कोचिंग की संपत्ति पर कब्जा करने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि उन्होंने 2014 में मुसल्लहपुर हाट स्थित विश्वनाथ मार्केट में निखिल कोचिंग सेंटर शुरू किया था। इसी दौरान फैजल खान को वहां पढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई थी।
निखिल कुमार का आरोप है कि 2019 में साजिश और विश्वासघात के जरिए खान सर ने कोचिंग की संपत्ति पर कब्जा कर लिया। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में उनके पास पुराने दस्तावेज भी मौजूद हैं।
वहीं खान सर फिलहाल पटना में नहीं हैं। दैनिक भास्कर से उनकी टीम ने इन आरोपों को उनकी छवि खराब करने की कोशिश बताया। टीम का कहना है कि खान सर को लेकर लगातार विवाद खड़े किए जा रहे हैं और उन्हें बेवजह निशाना बनाया जा रहा है।
कोचिंग हड़पने के आरोप पर टीम ने कहा कि उनकी कोचिंग से अब तक करीब 50 शिक्षक पढ़ाकर जा चुके हैं। टीम के मुताबिक, कई शिक्षकों ने बाद में अपनी कोचिंग शुरू की, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उन्होंने उनकी कोचिंग हड़प ली।
Tagsखान सरलड़कियों का शोषणनिखिल कोचिंग डायरेक्टरKhan Sirexploitation of girlsNikhil Coaching Directorखान ग्लोबल स्टडीजKhan Global Studies
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





