भारत

खान ग्लोबल स्टडीज फिर जांच के घेरे में, फायर सेफ्टी को अब भी मिलीं खामियां

SHIDDHANT
22 Jun 2026 8:42 PM IST
खान ग्लोबल स्टडीज फिर जांच के घेरे में, फायर सेफ्टी को अब भी मिलीं खामियां
x
फिर मिला नोटिस
Patna पटना। राजधानी पटना के मुसल्लहपुर स्थित चर्चित कोचिंग संस्थान खान ग्लोबल स्टडीज एक बार फिर फायर सेफ्टी मानकों को लेकर सवालों के घेरे में आ गया है। अग्निशमन विभाग की टीम ने सोमवार को संस्थान का दोबारा निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जांच में पाया गया कि पहले नोटिस के बाद कुछ सुधार कार्य तो किए गए हैं, लेकिन वे अभी भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं।
इससे पहले 7 जून को हुए निरीक्षण में भवन में कई गंभीर खामियां सामने आई थीं। अधिकारियों ने पाया था कि संस्थान में केवल एक सीढ़ी है और आपातकालीन निकासी के लिए आवश्यक फायर स्टेयर उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा स्प्रिंकलर सिस्टम, फायर डिटेक्टर और पंप हाउस की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई थी। इसके बाद संस्थान को सात से दस दिनों के भीतर कमियां दूर करने का नोटिस जारी किया गया था।
दूसरे निरीक्षण के बाद अग्निशमन पदाधिकारी इंद्रजीत कुमार ने बताया कि संस्थान की ओर से कुछ सुधार किए गए हैं, लेकिन कार्य अभी अधूरा है। फायर स्टेयर का निर्माण पूरा नहीं हुआ है और स्प्रिंकलर तथा डिटेक्टर सिस्टम भी पूरी तरह ऑटोमैटिक नहीं बनाए गए हैं। पंप हाउस स्थापित किया गया है, लेकिन उसकी मौजूदा व्यवस्था को पर्याप्त नहीं माना गया।
अग्निशमन विभाग ने संस्थान को सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए 10 दिन का
अतिरिक्त
समय दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में सभी कमियां दूर नहीं की गईं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले पटना के डीआईजी मनोज कुमार नट भी संकेत दे चुके हैं कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी जारी रहने पर संस्थान को बंद करने जैसी कठोर कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल विभाग की निगरानी जारी है और आगामी निरीक्षण के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।
Next Story