भारत

'खड़े हनुमान' अब भी अटल...श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, अचानक पहुंचे लंगूर भी

jantaserishta.com
10 Sept 2026 5:59 PM IST
खड़े हनुमान अब भी अटल...श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, अचानक पहुंचे लंगूर भी
x

सांकेतिक तस्वीर  (AI)

पढ़ें पूरी खबर.
उज्जैन: उज्जैन के सती गेट के पास स्थित प्रसिद्ध खड़े हनुमान मंदिर इन दिनों लगातार चर्चा में है. मंदिर को हटाने की कार्रवाई से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यहां श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है. इसी बीच मंदिर के पास अचानक कुछ लंगूर भी पहुंच गए हैं. मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच लंगूरों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी हुई है. खड़े हनुमान मंदिर की प्रतिमा को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के वीडियो और रील वायरल हो रहे हैं. इनमें प्रतिमा के चमत्कारिक रूप से नहीं हटने की कहानियां भी प्रसारित की जा रही हैं. इंस्टाग्राम, यूट्यूब समेत कई प्लेटफॉर्म पर प्रतिमा के जस की तस खड़े रहने के वीडियो ट्रेंड कर रहे हैं.
इन वायरल वीडियो और रील्स का असर मंदिर में दिखाई दे रहा है. पिछले चार दिनों में करीब 8 हजार से ज्यादा श्रद्धालु मंदिर पहुंच चुके हैं. मध्य प्रदेश के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान से भी लोग यहां दर्शन के लिए आ रहे हैं. कई श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने के साथ खड़े हनुमान की प्रतिमा की रील बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं. इससे मंदिर से जुड़े वीडियो लगातार लोगों तक पहुंच रहे हैं. अब मंदिर के पास पहुंचे लंगूरों ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा है. मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में मौजूद लोगों के बीच इन लंगूरों को लेकर चर्चा हो रही है. हालांकि, मंदिर के पास लंगूरों के पहुंचने को लेकर किसी तरह का दावा प्रशासन की ओर से नहीं किया गया है.
फिलहाल खड़े हनुमान मंदिर की स्थिति भी बाकी दिनों से अलग है. मंदिर के आसपास का ज्यादातर हिस्सा करीब एक सप्ताह से तोड़ा जा चुका है. हनुमानजी की प्रतिमा फिलहाल टेंट में विराजमान है. प्रतिमा को हटाने की कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं. बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर के आसपास बैरिकेडिंग की गई है. बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है. सुबह से शाम तक मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है. खास बात यह है कि अभी कोई बड़ा त्योहार नहीं है, फिर भी मंदिर में लगातार भीड़ दिखाई दे रही है.
आमतौर पर हिंदू देवी-देवताओं के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ वार और त्योहार के हिसाब से बढ़ती है. सोमवार को महादेव, मंगलवार को बजरंगबली और बुधवार को गणेशजी के मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की परंपरा देखी जाती है. लेकिन उज्जैन का खड़े हनुमान मंदिर इन दिनों बिना किसी त्योहार के ही चर्चा में है. मंदिर में पहुंच रहे श्रद्धालु इसे चमत्कारिक मंदिर मानते हैं. उनका कहना है कि यहां से मिलने वाले ताबीज और झड़नी से कई तरह के रोगों से छुटकारा मिलने की मान्यता है. इसी आस्था के कारण स्थानीय लोगों के अलावा अब दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं.

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story