भारत

बिना टमाटर बन रहा था केचप! फैक्ट्री से 2000 किलो नकली सॉस बरामद, जानकर रह जाएंगे हैरान

SHIDDHANT
15 Oct 2026 8:16 PM IST
बिना टमाटर बन रहा था केचप! फैक्ट्री से 2000 किलो नकली सॉस बरामद, जानकर रह जाएंगे हैरान
x
केचप के नाम पर बड़ा खेल! आलू के पाउडर और केमिकल से बन रही थी सॉस
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में लोगों की सेहत से खिलवाड़ का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नगर निगम के खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर नकली टोमैटो केचप बनाने वाली फैक्ट्री का पता लगाया है। जांच के दौरान फैक्ट्री से करीब 2,000 किलो संदिग्ध केचप बरामद किया गया। हैरानी की बात यह है कि इस केचप को टमाटर के बजाय आलू के पाउडर, पानी, रंग और रसायनों से तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
स्ट्रीट फूड की दुकान से खुला राज
जानकारी के अनुसार, खाद्य विभाग की टीम नियमित निरीक्षण के दौरान एक स्ट्रीट फूड की लारी पर पहुंची थी। वहां रखे केचप के डिब्बे की गुणवत्ता संदिग्ध लगने पर अधिकारियों ने जांच शुरू की। डिब्बे पर लिखे पते पर पहुंचने के बाद टीम को परिसर खाली मिला। इसके बाद अधिकारियों ने अपने सूत्रों की मदद से जांच आगे बढ़ाई और संदिग्ध केचप बनाने वाली फैक्ट्री तक पहुंचे।
आलू के पाउडर और केमिकल से बनता था केचप
जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, पहले आलू को पीसकर बारीक पाउडर तैयार किया जाता था। इसके बाद उसमें पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाया जाता था। मिश्रण में रंग, एसिटिक एसिड और अन्य रसायन मिलाकर उसे टमाटर केचप जैसा रूप दिया जाता था।
महज 105 रुपये में बिकता था 5 किलो का डिब्बा
तैयार उत्पाद को पांच-पांच किलो के डिब्बों में पैक करके कथित तौर पर महज 105 रुपये प्रति डिब्बे के हिसाब से बेचा जाता था। खाद्य विभाग ने करीब 2,000 किलो संदिग्ध केचप जब्त किया है। फिलहाल उत्पाद में इस्तेमाल सामग्री और संभावित स्वास्थ्य जोखिमों की पुष्टि प्रयोगशाला जांच के बाद ही हो सकेगी। फैक्ट्री संचालकों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
Next Story