भारत
सीएम केजरीवाल ने कानून का सम्मान नहीं किया, नौटंकी कर रही है आम आदमी पार्टी : संबित पात्रा
jantaserishta.com
22 March 2024 11:16 AM IST

x
नई दिल्ली: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को नाटक और नौटंकी करार देते हुए कहा है कि जो भ्रष्टाचार करेगा, उसे जेल तो जाना ही पड़ेगा।
उन्होंने कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों द्वारा केजरीवाल के पक्ष में दिए गए बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इनकी नैया डूब रही है, इसलिए सभी भ्रष्टाचारी दल एक साथ आ रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के विरोध प्रदर्शन को नाटक, नौटंकी और हाई वोल्टेज ड्रामा बताते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि एक समय पर यही केजरीवाल भ्रष्टाचार के खिलाफ शहंशाह की तरह उभरे थे और सोनिया गांधी एवं लालू यादव सहित कई दलों के नेताओं के बारे में पूछते थे कि ये जेल कब जाएंगे।
पात्रा ने शराब घोटाले को लेकर अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि घोटाला हुआ है, मनी ट्रेल भी स्थापित हो गया है। जांच एजेंसी ईडी ने पूछताछ के लिए केजरीवाल को 9 बार समन भेजा, लेकिन वह एक भी समन पर पेश नहीं हुए।
भाजपा प्रवक्ता ने दिल्ली सरकार की आबकारी नीति को लागू करने, करीबियों को फायदा पहुंचाने, कमीशन की दर को 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 12 प्रतिशत करने और फिर बाद में शराब नीति को वापस लेने और इस मामले में अदालत द्वारा की गई कई टिप्पणियों, मनीष सिसोदिया एवं संजय सिंह सहित कई आप नेताओं की गिरफ्तारी का हवाला देते हुए यह भी आरोप लगाया कि केजरीवाल ने कानून का सम्मान नहीं किया।
उन्होंने कहा कि पहले नेताओं को लगता था कि वह कुछ भी करें, कितना भी भ्रष्टाचार कर लें, लेकिन उन्हें कुछ नहीं होगा। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में यह बदल गया है, अब जो भ्रष्टाचार करेगा, उसे जेल जाना ही पड़ेगा। भ्रष्टाचारी अब जेल जाने से बच नहीं सकते और जो जैसा करेगा उसे वैसा ही भरना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल का घमंड टूटा है। राहुल गांधी द्वारा केजरीवाल का साथ देने पर कटाक्ष करते हुए संबित पात्रा ने उन्हें अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता अजय माकन द्वारा शराब घोटाले के मामले में केजरीवाल के खिलाफ किए गए प्रेस कांफ्रेंस की भी याद दिलाई।
जेल से दिल्ली की सरकार चलाने के आप नेताओं के बयान के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए संबित पात्रा ने कहा कि इससे यह सिद्ध हो जाता है कि सत्ता और पद को लेकर उनके मन में कितना लालच है।
उन्होंने कहा कि जो लोग ऑटो में लटक कर आते थे और कहते थे कि हमें सत्ता से प्यार नहीं है,वे आज जेल जा रहे हैं लेकिन फिर भी कह रहे हैं कि इस्तीफा नहीं देंगे, मुख्यमंत्री बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि देश यह देख रहा है कि जो आदमी कहता था कि वह कुछ नहीं बनना चाहता है वह आज कुछ भी नहीं छोड़ना चाहता है।
Tagsभाजपासंबित पात्राआपमुख्यमंत्री अरविंद केजरीवालअरविंद केजरीवालBJPSambit PatraAAPChief Minister Arvind KejriwalArvind Kejriwal
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





