
x
डलहौजी। वनमंडल डलहौजी के अंतर्गत वन परिक्षेत्र बनीखेत की वार्षिक निरीक्षण प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। निरीक्षण का नेतृत्व वनमंडलाधिकारी रजनीश महाजन ने किया। इस निरीक्षण के दौरान परिक्षेत्र स्तर पर संचालित विभिन्न विकास कार्यों, विभागीय योजनाओं तथा वन संरक्षण गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। वन परिक्षेत्र अधिकारी राहुल ठाकुर ने वन मंडल अधिकारी को क्षेत्र में चल रहे पौधरोपण कार्यक्रमों, वन भूमि संरक्षण उपायों, अवैध कटान की रोकथाम, वन्य जीव संरक्षण गतिविधियों तथा राजस्व से जुड़े मामलों की प्रगति से अवगत कराया। वनमंडलाधिकारी ने कार्यालय अभिलेखों, स्टाक रजिस्टर, पौधशालाओं एवं फील्ड में किए जा रहे कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने पौधारोपण की वर्तमान स्थिति, वन भूमि संरक्षण की प्रभावशीलता तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया।
इस निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि वन संपदा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा अवैध गतिविधियों पर कडी निगरानी रखी जाए। साथ ही सभी विकास कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश भी जारी किए गए। रजनीश महाजन ने कहा कि वन संरक्षण केवल विभागीय जिम्मेदारी तक सीमित नहीं है बल्कि इसे प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय समुदाय की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने फील्ड में नियमित गश्त बढ़ाने तथा स्थानीय लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया।
Next Story





