भारत

भाजपा विधायक का लापता भतीजा मृत मिला, कई रहस्य

jantaserishta.com
4 Nov 2022 2:36 AM GMT
भाजपा विधायक का लापता भतीजा मृत मिला, कई रहस्य
x
दावणगेरे (कर्नाटक) (आईएएनएस)| कर्नाटक पुलिस ने भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री एम.पी. रेणुकाचार्य के भतीजे का क्षत-विक्षत शव गुरुवार को दावणगेरे जिले के तुंगा नहर से बरामद किया, भाजपा विधायक का भतीजा पिछले 5 दिन से लापता था। पुलिस ने कहा कि मौत एक रहस्य बनी हुई है क्योंकि वह इस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पा रहे हैं कि यह आत्महत्या है, हत्या है या अपहरण और हत्या है। 24 वर्षीय चंद्रशेखर रविवार को लापता हो गया था। आशंका जताई जा रही है कि उसका अपहरण कर लिया गया। पुलिस को मृतक चंद्रशेखर की कार नहर में मिली। क्रेन से कार को निकालने के बाद युवक का क्षत-विक्षत शव मिला।
शव दावणगेरे जिले के होन्नाली तालुक के कडकट्टे गांव के पास मिला। यह जगह न्यामती शहर और होन्नाली शहर के बीच स्टेट हाईवे के करीब है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि कार नहर की दीवार को तोड़कर उसमें गिर गई। नहर 20 फीट गहरी होने के कारण कार को किसी ने नहीं देखा। यह भी आशंका जताई जा रही है कि घटना 30 अक्टूबर की रात की है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि चंद्रशेखर का शव पिछली सीट पर मिला था। कार के एयरबैग खुल गए थे और पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना के वक्त मृतक के साथ कौन था। चन्नागिरी से बीजेपी विधायक मडालू विरुपक्षप्पा ने मीडिया से कहा है कि ये महज एक हादसा नहीं है। कार के नहर में गिरने की कोई संभावना नहीं है, भले ही तेज रफ्तार कार दीवार से टकरा जाए। इसके पीछे एक साजिश लगती है। मैंने मौके पर जाकर देखा है यह सिर्फ दुर्घटना नहीं है। मुझे पुलिस पर भरोसा है और जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।
चंद्रशेखर रविवार सुबह 11 बजे घर से निकला था और शिवमोग्गा जिले के गौरी गड्डे में आध्यात्मिक गुरु विनय गुरुजी से मिला था। घर लौटते समय वह लापता हो गया था। रात करीब 11.30 बजे होन्नाली टाउन जंक्शन पर उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया और इसे अभी तक ट्रैक नहीं किया गया है। आगे की जांच जारी है।
Next Story