
नई दिल्ली: सात साल की बच्ची ने अदालत में अपने साथ यौन शोषण करने वाले को पहचान लिया और बेझिझक अपना सच बताया। उसने अपनी मां को भी घटना के बारे में बताया था। अदालत में उसने आरोपी के लिए कहा था कि जब तक अंकल बूढ़े न हो जाएं, तब तक जेल में रखा जाए। कोर्ट ने कहा कि यह अदालत तुम्हारा बचपन वापस नहीं ला सकती, लेकिन अदालत तुम्हें यह भरोसा दिला सकती है कि तुम्हारी बात सुनी गई है। तुम्हारी मांग पूरी की गई है, जिसने तुम्हें नुकसान पहुंचाया, वह अब कभी एक आजाद इंसान के रूप में सूरज नहीं देख पाएगा।
जेल में गुजरेगी जिंदगी
करीब तीन साल बाद ट्रायल कोर्ट ने बच्ची की बात को इंसाफ में बदल दिया। जज रजनी रंगा ने सुमित शाक्य को POCSO एक्ट के तहत बच्ची के साथ बार-बार गंभीर यौन शोषण और आपराधिक धमकी देने का दोषी ठहराया। कोर्ट ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई, यानी उसकी बाकी जिंदगी जेल में ही गुजारनी होगी। लेकिन फैसले के साथ जज ने बच्ची के लिए एक अलग पत्र भी लिखा।
जिंदगी जियो, स्कूल जाओ
प्यारी बच्ची, से शुरू हुए पत्र में जज लिखा कि अदालत ने उसकी बात सुनी है। जिस व्यक्ति को वह 'अंकल' कहती थी, अब कभी आजाद नहीं घूम पाएगा। वह अपनी बाकी जिंदगी जेल में बिताएगा, वहीं बूढ़ा होगा और वहीं मरेगा। जज ने बच्ची को इस अदालत द्वारा देखी गई सबसे बहादुर बच्ची बताया। उन्होंने लिखा कि कानून उसका खोया हुआ बचपन वापस नहीं ला सकता, लेकिन उसकी गुहार सुनी गई है। अंत में जज ने कहा, अब अपनी जिंदगी जियो। स्कूल जाओ, दोस्त बनाओ, हंसो खेलो और सपने देखो।
आरोपी की अपील खारिज
पूरे वाक्या का खुलासा हुआ दिल्ली हाई कोर्ट के 22 सितंबर के एक आदेश से, जिसने ट्रायल कोर्ट जज के इस रुख की तारीफ की। जस्टिस प्रतिभा एम. सिंह और जस्टिस दिनेश भट्ट की बेंच ने आरोपी व्यक्ति की अपील खारिज कर दी। हाई कोर्ट ने ट्रायल जज के पत्र के भावनात्मक महत्व को भी ध्यान में रखा और संबंधित जिले की दिल्ली लीगल सर्विस अथॉरिटी (DLSA) को निर्देश दिया कि वह जज का यह पत्र बच्ची को दिए जाने वाले 10.50 लाख रुपये के मुआवजे के साथ सीधे उसे सौंपे।





