भारत

महाराष्ट्र के मिशन पर जेपी नड्डा, आज से दो दिवसीय दौरे पर

jantaserishta.com
17 May 2023 6:06 AM GMT
महाराष्ट्र के मिशन पर जेपी नड्डा, आज से दो दिवसीय दौरे पर
x

फाइल फोटो

नई दिल्ली (आईएएनएस)| मिशन महाराष्ट्र में जुटे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को महाराष्ट्र के दो दिवसीय दौरे पर जा रहे हैं। 17 और 18 मई के इस दो दिवसीय दौरे के दौरान भाजपा अध्यक्ष लाभार्थी सम्मेलन को संबोधित करेंगे, पन्ना प्रमुखों और मुंबई अघाड़ी के साथ बैठक करेंगे, मुंबई में मशहूर हस्तियों से मुलाकात करेंगे, पार्टी के सांसदों, विधायकों, महाराष्ट्र सरकार के मंत्रियों, अन्य नेताओं एवं प्रदेश कोर कमेटी के नेताओं के साथ बैठक करेंगे और इसके साथ ही महाराष्ट्र प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में भी शामिल होंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने नड्डा के महाराष्ट्र दौरे को लेकर बयान जारी कर बताया कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार से दो दिवसीय दौरे पर 17 और 18 मई को महाराष्ट्र के मुंबई और पुणे में रहेंगे, जहां वे कई सार्वजानिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे और कई सांगठनिक बैठकें भी करेंगे। नड्डा 17 मई, बुधवार को लाभार्थी सम्मेलन को संबोधित करेंगे। वे मुंबई में पन्ना प्रमुखों और मुंबई मोर्चा अघाड़ी के साथ भी बैठक करेंगे। उन्होंने बताया कि इस दो दिवसीय दौरे के दौरान भाजपा अध्यक्ष 18 मई, गुरुवार को सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। वे समाज के गणमान्य व्यक्तियों (प्रोमिनेंट पर्सनालिटी) के साथ संवाद करेंगे तथा कौशल विकास कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। वे मुंबई में कॉर्पोरेटर्स के साथ भी बैठक करेंगे। नड्डा 18 मई को पुणे में भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश कार्यसमिति बैठक में भाग लेंगे। वे महाराष्ट्र सरकार में शामिल भाजपा के मंत्रियों, सांसदों एवं विधायकों के साथ भी बैठक करेंगे।
नड्डा बुधवार को 11:30 बजे मुंबई एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद 12:45 बजे के लगभग सायन-पनवेल हाईवे (मध्य दक्षिण मुंबई) स्थित महाराजा छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। दोपहर बाद 1 बजे वे घाटकोपर मानखुर्द लिंक रोड, मुंबई के आरबीके हॉल में लाभार्थी सम्मेलन को संबोधित करेंगे। दोपहर बाद 2 बजे नड्डा रामबीर नगर, पूर्वी घाटकोपर (मुंबई) में भारत रत्न बाबासाहेब डॉ भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन करेंगे। इसके पश्चात वे रामबीर नगर स्थित एक दलित भाजपा कार्यकर्ता के आवास पर लंच करेंगे।
इसके बाद नड्डा 3:30 बजे वीर नेशनल पार्क, समता नगर (पूर्वी कांदिवली, मुंबई) पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि कर श्रद्धा-सुमन अर्पित करेंगे। शाम 5 बजे नड्डा चारकोप, मुंबई में पन्ना प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। इसके उपरांत वे रात में 8 बजे मुंबई मोर्चा अघाड़ी के साथ बैठक करेंगे। रात में 10 बजे वे सह्याद्रि गेस्ट हाउस, मुंबई में पार्टी के कोर कमिटी के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे।
दो दिवसीय महाराष्ट्र दौरे के दूसरे एवं अंतिम दिन गुरुवार को नड्डा सुबह 8:30 बजे लोअर परेल (मुंबई) स्थित यशवंत भवन में विचार परिवार की बैठक में सम्मिलित होंगे। इसके पश्चात वे सुबह 9:30 बजे मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद 10 बजे भाजपा अध्यक्ष दादर के सावरकर हाउस में समाज के गणमान्य व्यक्तियों (प्रोमिनेंट पर्सनालिटी) के साथ संवाद करेंगे। 10:30 बजे रवींद्र नाट्य मंदिर में आयोजित कौशल विकास कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। दोपहर 12 बजे बांद्रा में समाज के कुछ अन्य गणमान्य व्यक्तियों (प्रोमिनेंट पर्सनालिटी) के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 12:30 बजे पश्चिम बांद्रा स्थित रंग शारदा ऑडिटोरियम में कॉर्पोरेटर्स के साथ बैठक करेंगे और इसके बाद पुणे के लिए रवाना हो जाएंगे।
पुणे में नड्डा भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे। पदाधिकारियों की बैठक के बाद शाम 4:30 बजे नड्डा पुणे में ही महाराष्ट्र सरकार में शामिल भाजपा के मंत्रियों और भाजपा के सांसदों एवं विधायकों के साथ बैठक भी करेंगे।
Next Story