भारत

चीन की हर हिमाकत का मिलेगा करारा जवाब...भारतीय और श्रीलंकाई नौसेना का संयुक्त समुद्री अभ्यास 'स्लाइनेक्स-23'

jantaserishta.com
4 April 2023 2:50 PM IST
चीन की हर हिमाकत का मिलेगा करारा जवाब...भारतीय और श्रीलंकाई नौसेना का संयुक्त समुद्री अभ्यास स्लाइनेक्स-23
x
नई दिल्ली (आईएएनएस)| भारतीय नौसेना पड़ोसी देश श्रीलंका की नौसेना के साथ मिलकर एक संयुक्त समुद्री अभ्यास कर रही है। दोनों देशों के बीच यह महत्वपूर्ण समुद्री अभ्यास श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित किया जा रहा है। भारतीय रक्षा मंत्रालय के मुताबिक कोलंबो में आयोजित यह समुद्री संयुक्त अभ्यास दो अलग-अलग चरणों में होना है। भारत-श्रीलंका द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास को 'स्लाइनेक्स-23' नाम दिया गया है। रक्षा मंत्रालय का कहना है कि स्लाइनेक्स का उद्देश्य अंतरसंचालन (इंटरऑपरेबिलिटी) को बढ़ाना, आपसी समझ को बेहतर बनाना और संयुक्त रूप से बहु-आयामी समुद्री संचालन करते हुए सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करना है। दोनों नौसेनाओं के बीच मैत्री और भाईचारे के संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए बंदरगाह चरण के दौरान पेशेवर, सांस्कृतिक और खेल आयोजनों के साथ-साथ सामाजिक आदान-प्रदान की भी योजना बनाई गई है।
भारतीय नौसेना के मुताबिक श्रीलंका-भारत नौसेना अभ्यास का यह 10वां संस्करण है। भारत एवं श्रीलंका की नौसेना द्वारा किए जाने वाले इस संयुक्त अभ्यास का पहला चरण 3 अप्रैल को शुरू हो गया है जो कि 5 अप्रैल तक जारी रहेगा। 3 से 5 तारीख तक होने वाला यह अभ्यास 'बंदरगाह चरण' है। यह भी कोलंबो में ही आयोजित किया जा रहा है। भारतीय रक्षा मंत्रालय ने इस विषय में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि बंदरगाह चरण के बाद 6 से 8 अप्रैल तक कोलंबो में संयुक्त अभ्यास का समुद्री चरण आयोजित होने जा रहा है।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक संयुक्त अभ्यास में भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व आईएनएस किल्टन, एक स्वदेशी कामोर्टा क्लास एएसडब्ल्यू कार्वेट तथा आईएनएस सावित्री, एक अपतटीय गश्ती पोत द्वारा किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर श्रीलंका नौसेना का प्रतिनिधित्व एसएलएनएस गजबाहू और एसएलएनएस सागर द्वारा किया जा रहा है। समुद्री गश्ती विमान, हेलीकॉप्टर और दोनों देशों की नौसेना के विशेष बल भी इस युद्धाभ्यास में भाग लेंगे। स्लाइनेक्स का पिछला संस्करण विशाखापत्तनम में 7-12 मार्च 2022 तक आयोजित किया गया था।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story