
x
झारखंड। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची को लेकर झारखंड में राजनीतिक विरोध तेज हो गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने सोमवार को सरायकेला जिला मुख्यालय स्थित गैराज चौक पर प्रदर्शन किया और SIR प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। प्रदर्शन के दौरान JMM नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में बदलाव और नाम हटाए जाने के मुद्दे पर चिंता जताई। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के कारण आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
Saraikela, Jharkhand: Jharkhand Mukti Morcha (JMM) staged a protest on Monday at Garage Chowk in the Seraikela district headquarters over the Special Intensive Revision (SIR) and the electoral rolls. pic.twitter.com/ElDhmqgFQf
— IANS (@ians_india) September 28, 2026
JMM नेता गणेश महाली ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि जिस तरह से SIR प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची से नाम हटाए जा रहे हैं और आम लोगों को परेशानी हो रही है, उसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा इसका विरोध करता है। गणेश महाली ने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां SIR लागू होने के बाद लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि झारखंड में ऐसी स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए और किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से नहीं हटना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा जरूरी है। JMM के इस प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी ने SIR प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज आगे भी उठाने की बात कही।
वहीं, चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची को अपडेट और शुद्ध बनाने के उद्देश्य से पुनरीक्षण प्रक्रिया चलाई जाती है। आयोग का पक्ष रहा है कि सही मतदाता सूची तैयार करना चुनावी प्रक्रिया के लिए जरूरी है। SIR को लेकर देश के कई हिस्सों में राजनीतिक बहस जारी है। जहां विपक्षी दल प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहे हैं, वहीं समर्थक पक्ष इसे मतदाता सूची को बेहतर बनाने की कवायद बता रहे हैं। सरायकेला में हुए इस प्रदर्शन के बाद झारखंड में SIR को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
Next Story





