भारत

भाजपा नेतृत्व में झारखंड में फिर आदिवासी चेहरे पर जताया भरोसा

jantaserishta.com
4 July 2023 10:14 PM IST
भाजपा नेतृत्व में झारखंड में फिर आदिवासी चेहरे पर जताया भरोसा
x
रांची: भाजपा ने झारखंड में अपनी खोई हुई हैसियत पाने की कवायद में एक बार फिर आदिवासी नेतृत्व पर भरोसा किया है। पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी को प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की जगह ली है।
बाबूलाल मरांडी ने प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आने वाले चुनावों में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए कृतसंकल्प है। बाबूलाल मरांडी झारखंड के पहले मुख्यमंत्री रहे हैं। संगठन के काम का उनके पास लंबा अनुभव रहा है। राज्य में भाजपा को स्थापित करने वालों में उनका नाम प्रमुखता से लिया जाता रहा है। वह संयुक्त बिहार के वक्त भी भाजपा की झारखंड क्षेत्रीय इकाई के अध्यक्ष रह चुके हैं। उस वक्त भाजपा ने झारखंड के इलाके को संगठनात्मक तौर पर वनांचल प्रदेश का नाम दे रखा था और इसके अध्यक्ष की कमान मरांडी के हाथों में लंबे समय तक रही। हालांकि, वर्ष 2006 में उन्होंने भाजपा से अलग होकर झारखंड विकास मोर्चा नामक एक अलग पार्टी बना ली थी। पिछला चुनाव भी उन्होंने इसी पार्टी के टिकट पर जीता, लेकिन कुछ ही दिनों बाद वर्ष 2020 की शुरुआत में उन्होंने अपनी पार्टी का विलय भाजपा में करा दिया था। इसके बाद पार्टी ने उन्हें झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक दल का नेता बनाया। वर्ष 2024 में लोकसभा के अलावा झारखंड विधानसभा के चुनाव भी होने हैं।
बता दें कि वर्ष 2019 में झारखंड में हुए विधानसभा चुनाव में 28 में से 26 आदिवासी सीटों पर पराजित होने की वजह से भाजपा को राज्य की सत्ता गंवानी पड़ी थी। इसके बाद से पार्टी नेतृत्व राज्य में आदिवासियों के बीच जनाधार विस्तार की कोशिशों में जुटी है। झारखंड में लोकसभा की 14 में से 12 सीटों पर भाजपा गठबंधन पर कब्जा है। ऐसे में पार्टी के लिए आगामी लोकसभा चुनाव में इस हैसियत को बरकरार रख पाना एक बड़ी चुनौती है। इस लिहाज से बाबूलाल मरांडी को प्रदेश इकाई की कमान देने के बड़े मायने हैं। मरांडी ने प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, संगठन महामंत्री बीएल संतोष, पार्टी के झारखंड प्रभारी एलके वाजपेयी सहित पार्टी के सभी वरीय नेताओं के प्रति आभार जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि मां भारती की सेवा और झारखंड का संपूर्ण विकास मेरी प्राथमिकता होगी। पार्टी के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के कदम से कदम मिलाकर आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करना और भाजपा के हाथों को मजबूत करना उनका संकल्प है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story