भारत
झारखंड: भाजपा विधायकों और कार्यकर्ताओं ने किया सीएम आवास का घेराव, पुलिस ने हिरासत में लिया
jantaserishta.com
10 Aug 2026 11:38 AM IST

x
रांची: झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ सोमवार को भाजपा विधायकों और कार्यकर्ताओं ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास के समक्ष प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
पुलिस ने विधायकों सहित कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है। दूसरी तरफ हजारों छात्र पुराने विधानसभा परिसर से नए विधानसभा भवन की ओर कूच कर रहे हैं। भाजपा ने मुख्यमंत्री आवास के घेराव से पहले प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में पार्टी विधायकों की बैठक की। बैठक में छात्रों के आंदोलन और सरकार के रुख को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई। इसके बाद भाजपा विधायक और कार्यकर्ता करीब पौने दस बजे अचानक मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े।
मुख्यमंत्री आवास के बाहर पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने भाजपा के कई विधायकों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
उधर, जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों का आंदोलन भी तेज हो गया है। पुराने विधानसभा परिसर के आसपास सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र जुटे रहे। तिरंगा, बैनर और तख्तियां लिए छात्र अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाते हुए नए विधानसभा भवन की ओर बढ़े। छात्रों के आगे बढ़ने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाए गए पहले बैरिकेडिंग गेट को कई छात्रों ने पार कर लिया।
इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। विधानसभा परिसर की ओर जाने वाले मार्गों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं। छात्र जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की जांच, विवादित परीक्षाओं को रद्द करने और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग कर रहे हैं। रविवार को सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच हुई तीसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा रही थी। इसके बाद छात्रों ने सोमवार को विधानसभा घेराव का ऐलान किया था।
छात्रों के आंदोलन के समानांतर भाजपा के मुख्यमंत्री आवास घेराव से राजधानी में राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव बढ़ गया है। विधानसभा और मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





