
x
पुलिस जांच में खुलासा
Banda बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में परिवार के दो घरों से करीब 85 से 90 लाख रुपये के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, एक नाबालिग लड़की कथित तौर पर घर की तिजोरियों से धीरे-धीरे जेवर निकालकर अपने प्रेमी को देती थी। आरोपी युवक गहने बेचकर बाइक, महंगे मोबाइल और कपड़ों पर खर्च करता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 80 लाख रुपये से अधिक कीमत के जेवर बरामद करने की जानकारी दी है।
मामला अतर्रा कोतवाली क्षेत्र का है। परिवार के घरों से लगातार कीमती आभूषण गायब हो रहे थे। तिजोरियों की जांच करने पर बड़ी मात्रा में जेवर नहीं मिले। इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें एक लड़की हाथ में कुछ सामान लेकर बाहर जाती दिखाई दी। पुलिस के अनुसार, पहचान के बाद उससे पूछताछ की गई, जिसमें परिवार के घरों से जेवर निकालकर प्रेमी को देने की बात सामने आई।
पुलिस का कहना है कि नाबालिग को घरों की चाबियों और तिजोरियों की जानकारी थी। आरोप है कि वह इसी का फायदा उठाकर बिना ताले तोड़े आभूषण निकालती थी। यह सिलसिला कई महीनों से चल रहा था। वह अपने ही परिवार के दो घरों से थोड़े-थोड़े जेवर निकालकर युवक को सौंपती रही। दोनों पहले से परिचित थे और साथ पढ़ते थे।
आरोप है कि युवक चोरी के गहने बेचकर अपने शौक पूरे करता था। उसके पास बुलेट और पल्सर बाइक थीं। वह महंगे मोबाइल और कपड़ों पर भी पैसे खर्च करता था। पुलिस ने दोनों बाइक जब्त किए जाने की जानकारी भी दी है। एएसपी शिवराज ने बताया कि अतर्रा थाना पुलिस ने चित्रकूट जिले के रसिन निवासी सतेंद्र को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से सोने के 27 और चांदी के आठ आभूषण बरामद हुए हैं।
Next Story





