
x
गिरफ्तार
गौतमबुद्धनगर: बिसरख थाने की पुलिस ने ज्वैलरी शॉप में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी इसी ज्वैलरी शॉप में कर्मचारी के रूप में काम करता था और उसने दुकान से ही जेवरात चोरी कर लिए थे। पुलिस ने आरोपी को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की सहायता से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात बेचकर प्राप्त हुई रकम में से शेष बचे 20 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित प्रसाद पुत्र हरीश राम के रूप में हुई है। वह मूलरूप से उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के ग्राम जिनखोला का रहने वाला है और वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-15 में रह रहा था। आरोपी ब्लू सफायर मॉल स्थित एक ज्वैलरी शॉप पर काम करता था। इसी दौरान उसने 6 नवंबर 2026 को दुकान से ज्वैलरी चोरी कर ली थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद दुकान की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर थाना बिसरख में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी की तलाश की। इस दौरान स्थानीय खुफिया जानकारी और बीट पुलिसिंग से मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस को आरोपी के संबंध में अहम जानकारी मिली। इसके बाद 12 नवंबर 2026 को थाना बिसरख पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित प्रसाद को महागुन मार्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 हजार रुपए नकद बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, यह रकम चोरी की गई ज्वैलरी को बेचने से प्राप्त हुई थी और बिक्री के बाद आरोपी के पास शेष बची हुई थी। पुलिस की इस कार्रवाई से ज्वैलरी शॉप में हुई चोरी की घटना का खुलासा हुआ है। खास बात यह है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उसी दुकान में काम करने वाला कर्मचारी था। पुलिस की लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
Next Story





