भारत

Jewellers लूटकांड का खुलासा: 24 घंटे में अंतरराज्यीय गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार

SHIDDHANT
18 Nov 2025 9:11 PM IST
Jewellers लूटकांड का खुलासा: 24 घंटे में अंतरराज्यीय गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार
x
डेढ़ करोड़ के जेवरात
Hazaribagh हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र में 16 नवंबर की रात हुई ज्वेलर्स से करोड़ों रुपए के सोने-चांदी की लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से करीब डेढ़ करोड़ रुपए मूल्य के लूटे गए जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और अन्य जेवरात की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
घटना 16 नवंबर की रात करीब 9 बजे बरही चेकपोस्ट के पास घटी थी, जब जय माता दी ज्वेलर्स नामक प्रतिष्ठान के संचालक दुकान बंद करने के बाद सोना-चांदी चार बैग में भरकर घर जा रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधियों ने फायरिंग करते हुए करोड़ों रुपए मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात लूट लिए थे। शिकायत के आधार पर बरही थाना कांड संख्या 439/25, भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 27 आर्म्स एक्ट सहित अन्य प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
मामले की जांच के लिए हजारीबाग की पुलिस ने एसआईटी का गठन किया था, जिसने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और साइबर सेल की मदद से छापेमारी अभियान चलाया। टीम ने सबसे पहले घटना में शामिल इंद्रजीत चौधरी को बिहार के गया जिले से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके आधार पर कई महत्वपूर्ण सुराग मिले।
इसके बाद पुलिस ने बिहार के गया और झारखंड के चतरा के विभिन्न इलाकों में दबिश दी और दो अन्य अपराधियों, धनंजय चौधरी उर्फ छोटू और रोशन यादव, को गिरफ्तार किया। इनके पास से करीब 946 ग्राम सोना, 200 ग्राम पोला, 11.760 किलो चांदी, एक स्कॉर्पियो वाहन, एक केटीएम बाइक, तीन देसी कट्टा, एक देसी कार्बाइन, छह जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। धनंजय चौधरी के खिलाफ बिहार और झारखंड में दर्जनों मामले दर्ज हैं, जबकि रोशन यादव को पहले भी बिहार पुलिस ने कई मामलों में जेल भेजा था। हजारीबाग पुलिस ने कहा कि फरार अन्य अपराधियों और खरीदारों की तलाश जारी है। पुलिस टीम में एसडीपीओ अजीत कुमार विमल और बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित 20 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।
Next Story