भारत

खाई में गिरी जीप, चार महिलाओं सहित पांच की मौत

Santoshi Tandi
3 Nov 2023 9:56 AM GMT
खाई में गिरी जीप, चार महिलाओं सहित पांच की मौत
x

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में शुक्रवार को एक और सड़क हादसा हुआ है। जिले के करसोग उपमंडल के अलसींडी में एक टाटा सूमो जीप गहरी खाई में जा गिरी। इस भयानक हादसे में जीप सवार पांच लोगों की मृत्यु हो गई है। मृतकों में चार महिलाएं और एक पुरूष शामिल हैं। इस दुर्घटना में जीप सवार 6 अन्य घायल भी हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी सुन्नी अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक टाटा सूमो में सवार लोग करसोग के जस्सल में आयोजित कृषि विभाग में जा रहे थे। मृतकों की पहचान जस्सल के हरि कृष्ण तथा सुनीता देवी, खोलड़ू की लता देवी, बंदली की कौरा देवी तथा शकरिंडी की कलू देवी के तौर पर हुई है। घायलों में जस्सल की कमलेश, शकरिंडी की रीमा देवी, मनोरमा देवी तथा कृष्णा देवी शामिल हैं। दो घायलों के नाम-पता मालूम किया जा रहा है।

मंडी की एसपी सौम्या सांबशिवन ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
मंडी जिला में तीन दिन के भीतर दूसरा बड़ा सड़क हादसा हुआ है। करवाचौथ के दिन पहली नवम्बर को हुए सड़क हादसे में तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हुई थी। यह हादसा मंडी जिला कोटली क्षेत्र के धनियारा में हुआ था। हादसे का शिकार हुए लोग ट्रैक्स जीप में सवार थे। ड्राइवर को मिलाकर कुल 11 लोग थे। यह ट्रैक्स जीप लागधार की तरफ से कोटली को आ रही थी। धनियारा के पास सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी थी।

Next Story