भारत

जमशेदपुर : डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव, एएसआई घायल

SHIDDHANT
20 Aug 2026 11:43 AM IST
जमशेदपुर : डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव, एएसआई घायल
x
पुलिस टीम पर हमला
Jamshedpur जमशेदपुरझारखंड के जमशेदपुर में पुलिस टीम पर हमले का मामला सामने आया है। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह इलाके में बुधवार देर रात तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने पहुंची पुलिस टीम पर लोगों ने पथराव कर दिया। इस हमले में एक एएसआई घायल हो गए, जबकि पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को हिरासत में लिया है। वहीं, पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, डायल-112 पर बाबूडीह इलाके से शिकायत मिली थी कि देर रात तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है और लोग वहां डांस कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम बुधवार रात करीब 12 बजे मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने आयोजकों और वहां मौजूद लोगों से डीजे की आवाज कम करने और उसे बंद करने को कहा। इसी दौरान कुछ युवक पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने की कोशिश की। इसी दौरान एएसआई कृष्ण कुमार का मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। पुलिस का आरोप है कि कुछ युवकों ने पुलिस की राइफल छीनने का प्रयास भी किया।
स्थिति बिगड़ने के बाद भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया और उसमें तोड़फोड़ की गई। पथराव में एएसआई कृष्ण कुमार घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। हालात नियंत्रण से बाहर होते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने मौके से पांच युवकों को हिरासत में लिया और उन्हें सिदगोड़ा थाने लेकर पहुंची। घटना के बाद सुरक्षा को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
वहीं, हिरासत में लिए गए युवकों के परिजन और कुछ स्थानीय लोग थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि हिरासत में लिए गए युवकों के साथ मारपीट की गई है। पुलिस ने इन आरोपों की भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में पुलिस टीम पर हमला, सरकारी काम में बाधा, पथराव और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ सहित कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और पथराव व तोड़फोड़ करने वालों की पहचान कौन-कौन है। इसके लिए मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story