
x
मोटे मुनाफे का झांसा देकर ठगी का आरोप, अदालत पहुंचा मामला
जम्मू-कश्मीर: क्राइम ब्रांच ने बुधवार को 1.41 करोड़ रुपए के निवेश धोखाधड़ी मामले में चार्जशीट दाखिल की है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, जम्मू क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध विंग (ईओडब्ल्यू) ने 1.41 करोड़ रुपए के निवेश धोखाधड़ी मामले में चार आरोपियों के खिलाफ जम्मू की इलेक्ट्रिसिटी मजिस्ट्रेट अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। यह चार्जशीट एफआईआर नंबर 49/2022 के तहत आईपीसी की धाराओं 420, 120-बी, 418, 467, 468 और आरबीआई अधिनियम 1934 की धारा 58बी(4ए) के अंतर्गत दायर की गई है।
यह मामला राजौरी के सियोट निवासी और वर्तमान में जम्मू के पटोली ब्राह्मणा में रहने वाले दो भाई सुमित शर्मा और सनी सूडान की लिखित शिकायत पर शुरू हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने 'माइक्रो डॉलर एसोसिएट्स' नामक एक कथित करेंसी और ऑफशोर ट्रेडिंग फर्म के जरिए अच्छा मुनाफा देने का झांसा देकर उनसे 36 लाख रुपए की ठगी की।
इंस्पेक्टर तरनजीत सिंह द्वारा की गई जांच से पता चला कि आरोपियों ने शिकायतकर्ताओं सहित कई निवेशकों से कुल 1,41,71,700 रुपए की धोखाधड़ी की है। लोगों को फंसाने के लिए आरोपियों ने एचडीएफसी बैंक की बहू प्लाजा शाखा में काम करने वाले नीलम भट और यशपाल शर्मा की स्थिति का फायदा उठाया। उन्होंने निवेशकों को कम समय में पैसा दोगुना करने और 20 प्रतिशत से 25 प्रतिशत तक सालाना ब्याज देने का वादा किया था।
जांच में यह सामने आया कि यह फर्म न तो कानूनी रूप से पंजीकृत थी और न ही इसे रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज या भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से वित्तीय गतिविधियां चलाने की कोई अनुमति प्राप्त थी। आरोप है कि आरोपियों ने अपने बैंकिंग संपर्कों का गलत इस्तेमाल किया, बैंक दस्तावेजों में हेराफेरी की और अपराध से हासिल की गई रकम का इस्तेमाल अपने निजी फायदों के लिए किया, जिसमें सोने के गहने और निर्माण सामग्री खरीदना शामिल है।
जुटाए गए सबूतों के आधार पर अश्वनी कुमार भट, नीलम भट, यशपाल शर्मा और अनुराधा शर्मा के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 120-बी, 418, 420, 467, 468 और 471 तथा आरबीआई अधिनियम, 1934 की धारा 58बी(4ए) के तहत चार्जशीट दाखिल की गई है। एसएसपी क्राइम ब्रांच ईओडब्ल्यू जम्मू ने आम जनता को भी सलाह दी है कि वे इस तरह की आर्थिक धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहें और ऐसी किसी भी घटना की सूचना क्राइम ब्रांच ईओडब्ल्यू जम्मू को दें।
Next Story





