भारत

बवाल हो गया भाई! शादी की पहली रात हुआ कुछ ऐसा...

jantaserishta.com
21 Oct 2022 5:40 AM GMT
बवाल हो गया भाई! शादी की पहली रात हुआ कुछ ऐसा...
x

न्यूज़ क्रेडिट: आजतक | DEMO PIC 

दुल्हन की बजाय घूंघट की आड़ में लड़के के साथ विदा कर दिया गया।
भिंड: मध्य प्रदेश के भिंड जिले के लहार थाना पुलिस के पास आया एक हैरान करने वाला मामला सुर्ख़ियों में है। मामला शादी के नाम पर ठगी का है, जहां दूल्हे को दुल्हन के नाम पर घूँघट में एक लड़का सौंप दिया गया, जो अगली सुबह 4 बजे बिना मुंह दिखाए फरार हो गया। पीड़ित दूल्हे ने अपनी व्यथा बताते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगायी है।
अब तक आपने शादी के नाम पर दुल्हन को बदलना, लुटेरी दुल्हन जैसे किस्से सुने होंगे, लेकिन भिंड जिले के लहार में एक शख्स को दुल्हन की बजाय घूंघट की आड़ में लड़के के साथ विदा कर दिया गया। मामले का खुलासा पुलिस में हुई शिकायत के साथ हुआ। लहार क्षेत्र के मड़ैयापुरा में रहने वाले बुजुर्ग ग्यासी कुशवाहा और उनके दो बेटे वर्षों से साथ रह रहे हैं। पत्नी का कई सालों पहले देहांत हो जाने से घर में कोई महिला भी नहीं है जो घर के काम काज कर सके। बड़े बेटे सोनू की उम्र अधिक हो जाने से शादी भी नहीं हो पा रही थी। हाल ही में सोनू के साथ काम करने वाले गुड्डू नाम के दोस्त ने बातों में फंसा कर सोनू की शादी के नाम पर ठगी कर ली।
हुआ कुछ यूँ कि सोनू की शादी ना होने की जानकारी नाते रिश्तेदार और पहचान वालों को भी थी। गुड्डू ने इस बात का फ़ायदा उठाते हुए पिता-पुत्र को बातों में फंसा लिया और सोनू की शादी कराने का ज़िम्मा लेते हुए पैसा खर्च की बात कही। शादी की उम्मीद में बुजुर्ग ग्यासी कुशवाह भी गुड्डू द्वारा बताए गए 80 हज़ार रुपये खर्च करने को तैयार हो गए। पीड़ित सोनू ने बताया कि पैसे का इंतज़ाम कर उन्होंने पूरी रकम आरोपी गुड्डू को सौंप दी। 10 अक्टूबर को गुड्डू ने सोनू को फोन कर झाँसी चलने को कहा। गुड्डू ने उसे बताया कि उसके लिए जो लड़की शादी के लिए तय की है वह वहीं है।
इसके बाद सोनू कुशवाह अपने पिता ग्यासी को साथ लेकर दोस्त गुड्डू के साथ झांसी पहुंचा, जहां रेलवे स्टेशन के पास बनी एक झोपड़ी में तीनों पहुंचे। कुछ देर बाद घूंघट ओढ़े दुल्हन को सोनू के पास खड़ा कर दिया। जब सोनू और उसके पिता ने मंदिर या कोर्ट से शादी करने की इच्छा जाहिर की, तो पुलिस का डर दिखाते हुए यह कह कर बात टालते हुए विदा कर दिया कि दुल्हन मिल गयी है शादी के चक्कर में मत पड़ो, दुल्हन को गांव ले जाओ।
झांसी से लहार आते आते रात के तीन बज गए थे। जब सोनू कमरे में पहुंचा तो उसने दुल्हन से चेहरा दिखाने की बात कही, लेकिन दुल्हन ने सुबह मुंह दिखायी की बात कह सोने की बात कह दी। सोनू को शक तो हुआ कि घूंघट में लड़की नही है लेकिन थकान की वजह से वह सो गया। अल सुबह दुल्हन बने लड़के ने उससे दबी आवाज में शौचालय की जगह पूछी तो सोनू ने नींद में ही खेत में जाने की बात कह दी, लेकिन घर से गयी दुल्हन जब वापस ही नही लौटी तो उसका शक यक़ीन में बदल गया और तब उसे अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ।
मामले को लेकर पीड़ित सोनू कुशवाह ने लहार पुलिस थाने में शिकायती आवेदन देकर न्याय की गुहार भी लगायी लेकिन दो हफ़्ते गुजरने के बाद भी अब तक ना तो दुल्हन मिली और ना ही जेब से गयी 80 हज़ार की रकम। वहीं अपने बेटे के साथ हुई घटना से आहत सोनू के बुजुर्ग पिता ग्यासी भी सदमे में हैं। इस धोखे का शिकार हुआ परिवार अब न्याय के लिए पुलिस से गुहार और थाने के चक्कर लगा रहा है।
Next Story