भारत

देहरादून में जीत चुकी है सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का खिताब

Shantanu Roy
23 Oct 2026 3:44 PM IST
देहरादून में जीत चुकी है सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का खिताब
x
घुमारवीं। महाकाल की नगरी उज्जैन में हिमाचल के पारंपरिक लोकवाद्य रणसिंघा की गूंज सुनाई देगी। घुमारवीं के युवा फिल्म निर्माता संजीव सोनी की इसी नाम की शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री फिल्म का चयन उज्जैनी शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल के सीजन-4 में स्क्रीनिंग के लिए हुआ है। 25 अक्तूबर को उज्जैन में बड़े पर्दे पर प्रदर्शित होने वाली यह फिल्म इससे पहले देहरादून अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का खिताब जीत चुकी है। यह उपलब्धि हिमाचल की लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में अहम है। फेस्टिवल में 232 भारतीय और आठ अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के बीच ‘रणसिंघा’ ने स्क्रीनिंग के लिए जगह बनाई है। फिल्म की ज्यूरी और विशेष अतिथियों में कामाख्या नारायण सिंह, भाषा सुंबली, जे नंद कुमार और राजेश तैलंग जैसी जानी-मानी हस्तियां शामिल हैं।

‘रणसिंघा’ इससे पहले धर्मशाला फिल्मोत्सव में दूसरा स्थान हासिल कर चुकी है, जबकि गोवा इंटरनेशनल फिल्म प्रतियोगिता में भी अपनी पहचान बना चुकी है। फिल्म निर्माता संजीव सोनी ने कहा कि हिमाचल की पारंपरिक लोकधुनों, लोकवाद्यों, लोकगीतों और लोकसंस्कृति का संरक्षण समय की जरूरत है। उन्होंने फिल्म के निर्माण में सहयोग देने वाले युवा कैमरामैन विवेक गर्ग, रणसिंघा वादक जगदीश चंद, प्रदेश के वरिष्ठ संगीतज्ञ एवं सेवानिवृत्त संगीत प्राध्यापक डा. सुरेश शर्मा और कुल्लू के प्रसिद्ध लोक साहित्यकार डॉ. सूरतराम ठाकुर का आभार जताया। वरिष्ठ संगीतज्ञ डॉ. सुरेश शर्मा ने ‘रणसिंघा’ की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में प्रतिभाशाली गायकों, वादकों, अभिनेताओं, कहानीकारों, संगीतकारों, छायाकारों और निर्देशकों की कमी नहीं है।
Next Story