
x
नंबर प्लेट पर चिपका था कागज, चालान काटते ही मचा हंगामा
नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर एक कार का चालान काटने के बाद विवाद खड़ा हो गया। कार की आगे और पीछे की नंबर प्लेट पर कागज चिपकाकर वाहन का नंबर छिपाया गया था। सूरजपुर घंटा चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल ने कार को रोककर चालान काट दिया। बताया जा रहा है कि कार चलाने वाला युवक एक पुलिस इंस्पेक्टर का बेटा है। विवाद वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर घंटा चौक पर ट्रैफिक पुलिस का हेड कांस्टेबल वाहनों की चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर एक कार पर पड़ी, जिसकी दोनों नंबर प्लेट पर कागज चिपका हुआ था। यातायात नियमों के उल्लंघन को देखते हुए पुलिसकर्मी ने वाहन को रुकवाया और चालान काट दिया।
चालान काटे जाने के बाद कार चला रहा युवक नाराज हो गया और हेड कांस्टेबल से बहस करने लगा। बताया जा रहा है कि युवक के पिता गौतम बुद्ध नगर के एक थाने में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। युवक ने चालान की कार्रवाई के बाद अपने पिता को फोन किया और पुलिसकर्मी से बातचीत के दौरान उनका जिक्र भी किया।
हालांकि, हेड कांस्टेबल अपनी कार्रवाई को नियमानुसार सही बताता रहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। मौके पर काफी देर तक बहस होती रही। बाद में पूरे घटनाक्रम की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंची। मामला डीसीपी ट्रैफिक सैयद अली अब्बास के संज्ञान में आने के बाद संबंधित हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए गए। इसके साथ ही पूरे प्रकरण की जांच कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि वाहन की चेकिंग के समय वास्तव में क्या हुआ था और युवक तथा पुलिसकर्मी के बीच विवाद किन परिस्थितियों में बढ़ा। फिलहाल हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर किए जाने के वास्तविक कारणों का विस्तृत खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
Next Story





