भारत

इस्कॉन मायापुर ने फर्जी रूम बुकिंग वेबसाइट्स के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर, भक्तों को किया आगाह

jantaserishta.com
16 Jan 2026 11:52 AM IST
इस्कॉन मायापुर ने फर्जी रूम बुकिंग वेबसाइट्स के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर, भक्तों को किया आगाह
x
नई दिल्ली: त्योहारों का मौसम नजदीक आते ही पश्चिम बंगाल के मायापुर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। इसी बीच इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (इस्कॉन) मायापुर ने एक चेतावनी जारी की है।
संस्था ने बताया है कि ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जो फर्जी वेबसाइटों और व्हाट्सऐप बुकिंग के जरिए भक्तों और पर्यटकों से मायापुर में कमरे दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर रहा है। इस मामले में इस्कॉन की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है, जिसके चलते पुलिस और साइबर क्राइम एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं।
इस्कॉन अधिकारियों के अनुसार, ठगों ने कई नकली वेबसाइट और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बना लिए हैं, जो देखने में पूरी तरह असली लगते हैं। इन वेबसाइटों पर दावा किया जाता है कि वे मायापुर के प्रसिद्ध गेस्ट हाउस और आवासीय भवनों जैसे प्रभुपाद विलेज, इसोद्यान, गदा भवन, शंख भवन और गीता भवन में कमरे उपलब्ध कराते हैं। इनमें से एक फर्जी वेबसाइट की पहचान की गई है, जबकि इस तरह की कई अन्य वेबसाइट्स और व्हाट्सएप नंबर भी सक्रिय बताए जा रहे हैं।
इस्कॉन कोलकाता के उपाध्यक्ष राधारमण दास ने बताया, ''इस तरह की फर्जी वेबसाइट खासतौर पर त्योहारों के समय लोगों को निशाना बनाती हैं, जब मायापुर में ठहरने की जगह मिलना मुश्किल हो जाता है। वेबसाइट पर आकर्षक तस्वीरें, भारी छूट या विशेष सुविधाओं का लालच दिया जाता है। लोग भरोसा करके पूरा भुगतान ऑनलाइन कर देते हैं, लेकिन उसके बाद न तो बुकिंग की पुष्टि होती है और न ही कॉन्टेक्ट नंबर या वेबसाइट काम करती है।''
देश के अलग-अलग हिस्सों से ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी श्रद्धालु लंबी यात्रा तय कर मायापुर पहुंचते हैं। कई लोग बुजुर्ग माता-पिता और छोटे बच्चों के साथ आते हैं। उन्हें लगता है कि उनकी बुकिंग पहले से तय है, लेकिन मायापुर पहुंचने पर पता चलता है कि ऐसी कोई बुकिंग मौजूद ही नहीं है। ऐसे में लोग न केवल आर्थिक नुकसान झेलते हैं, बल्कि मानसिक तनाव और असहाय स्थिति का भी सामना करते हैं।
इस्कॉन ने इस स्थिति को बेहद गंभीर बताते हुए साफ किया है कि मायापुर में इस्कॉन से जुड़े किसी भी गेस्ट हाउस या भवन में कमरे की बुकिंग के लिए केवल एक ही आधिकारिक वेबसाइट है। इसके अलावा, किसी भी अन्य वेबसाइट, एजेंट, व्हाट्सऐप नंबर, या फोन कॉल के जरिए की गई बुकिंग पूरी तरह अनधिकृत और असुरक्षित है।
राधारमण दास ने कहा कि यह मामला सिर्फ आर्थिक ठगी का नहीं है, बल्कि लोगों की आस्था और विश्वास के साथ किया गया अपराध है। इस्कॉन मायापुर की ओर से इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है और मामला कानून प्रवर्तन एजेंसियों तक पहुंचा दिया गया है। साइबर क्राइम विभाग भी इन फर्जी वेबसाइटों और डिजिटल लेन-देन की जांच कर रहा है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story