
x
गिरोह के सरगना पर दर्ज हैं एक दर्जन से अधिक मुकदमे
नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना सेक्टर-58 पुलिस ने निर्माणाधीन साइटों से सरिया चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरे आरोपी को कॉम्बिंग अभियान के दौरान पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के दो अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले एक महीने में 15 से 16 चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को सेक्टर-62 स्थित जयपुरिया चौराहे पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर दोनों युवक डी पार्क की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो डी पार्क के सामने घुमावदार सड़क पर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। आरोप है कि खुद को पुलिस से घिरा देखकर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दिल्ली के कल्याणपुरी निवासी राजू सिंह उर्फ राजा (34) के पैर में गोली लगी। वहीं, उसका साथी राहुल सिंह (30) कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
एक महीने में 15 से 16 बार चोरी की वारदात
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे निर्माणाधीन साइटों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही वहां से सरिया चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए सरिये को गाजियाबाद के एक कबाड़ी को बेच दिया जाता था। आरोपियों ने पिछले एक महीने में अलग-अलग निर्माणाधीन साइटों से 15 से 16 बार सरिया चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अर्जुन (27) और सुनील (20) को खोड़ा रोड से स्कूटर रेहड़े सहित गिरफ्तार किया। दोनों दिल्ली के कल्याणपुरी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
गिरोह के सरगना पर दर्ज हैं एक दर्जन से अधिक मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, राजू सिंह उर्फ राजा गिरोह का मुख्य सरगना है। उसके खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य गिरफ्तार आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल, 2,500 रुपये नकद, .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। जांच में सामने आया कि बरामद अपाचे मोटरसाइकिल की चोरी के संबंध में वर्ष 2022 में थाना सेक्टर-20 में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब चोरी का सरिया खरीदने वाले कबाड़ी और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
Next Story





