भारत
ईरान ने कतर में अमेरिकी ठिकानों पर दागीं मिसाइलें, मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ा
Shantanu Roy
23 Jun 2025 11:52 PM IST

x
Doha/Tehran. दोहा/तेहरान। मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के बीच अब ईरान और अमेरिका भी आमने-सामने आ गए हैं। AXIOS रिपोर्टर ने एक इजरायली अधिकारी के हवाले से दावा किया है कि ईरान ने कतर में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों की ओर 6 मिसाइलें दागी हैं। इस हमले को रविवार सुबह ईरान की तीन न्यूक्लियर साइट्स पर अमेरिकी हवाई हमलों के जवाब में देखा जा रहा है।
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में पहले ही दावा किया गया था कि ईरान ने अमेरिकी ठिकानों पर संभावित हमले के लिए कई मिसाइल लॉन्चर तैनात कर दिए हैं। वहीं, रॉयटर्स ने एक राजनयिक के हवाले से बताया था कि सोमवार दोपहर से ही कतर में अमेरिका के सबसे बड़े सैन्य अड्डे अल-उदीद एयरबेस पर हमले का गंभीर खतरा बना हुआ था। AXIOS के अनुसार, ईरान ने कुछ ही मिनटों में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलें दागने की तैयारी की थी, जिसके बाद कतर की राजधानी दोहा में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं। ईरान की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अस्थिरता और तनाव और बढ़ गया है।
ईरान का बयान: 'जो तुम पर जिस तरह हमला करे, तुम भी उस पर उसी तरह हमला करो'
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने एक बयान जारी कर कहा, "जो तुम पर जिस तरह हमला करे, तुम भी उस पर उसी तरह हमला करो।" बयान में आगे कहा गया कि ईरान के परमाणु ठिकानों और फैसिलिटी पर अमेरिका की आक्रामक कार्रवाई के जवाब में ईरान की सेनाओं ने कुछ घंटे पहले कतर में स्थित अमेरिकी अल-उदीद एयरबेस को तबाह कर दिया है।
ईरान ने दावा किया कि इस सफल अभियान में जितनी मिसाइलें इस्तेमाल की गईं, उनकी संख्या अमेरिका की ओर से ईरान के परमाणु ठिकानों पर गिराए गए बमों के बराबर थी। ईरान ने यह भी स्पष्ट किया कि ईरानी सेना की ओर से निशाना बनाया गया यह सैन्य अड्डा कतर के शहरी क्षेत्रों और रिहायशी इलाकों से काफी दूर था। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने भी बयान जारी कर अमेरिकी सैन्य अड्डों पर हमले की पुष्टि की है।
कतर की प्रतिक्रिया: हमला विफल, संप्रभुता का उल्लंघन
कतर सरकार ने बताया है कि अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हुए हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता डॉ. माजेद अल अंसारी ने अल-उदीद एयरबेस पर ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड की ओर से किए गए हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे कतर की संप्रभुता, हवाई क्षेत्र, अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का स्पष्ट उल्लंघन करार दिया। उन्होंने कहा कि कतर को इस हमले के जवाब में अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत उचित और समान स्तर पर प्रतिक्रिया देने का अधिकार सुरक्षित है।
प्रवक्ता ने जानकारी दी कि कतर की वायुसेना ने इस हमले को सफलतापूर्वक विफल कर दिया और ईरानी मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर लिया गया। डॉ. अंसारी ने चेतावनी दी कि इस तरह की सैन्य कार्रवाई से पूरे क्षेत्र की शांति और स्थिरता खतरे में पड़ सकती है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने तुरंत सभी सैन्य कार्रवाइयों को रोकने और संवाद की ओर लौटने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि एयरबेस को पहले ही एहतियातन खाली करवा लिया गया था और सभी सैनिक और कर्मी सुरक्षित थे।
भारतीय दूतावास की एडवाइजरी
इस बीच, कतर में भारतीय दूतावास ने वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लिए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने लोगों से अपील की है कि मौजूदा हालात को देखते हुए सतर्क रहें और घर के अंदर ही रहें। किसी भी अफवाह से बचें और कतर सरकार की ओर से जारी स्थानीय निर्देशों और खबरों का पालन करें। भारतीय दूतावास ने कहा है कि स्थिति से जुड़े अपडेट सोशल मीडिया चैनलों के माध्यम से लगातार साझा किए जाएंगे।
Tagsईरानकतरअमेरिकामिसाइल हमलाअल-उदीद एयरबेसपरमाणु ठिकानेइजरायलमिडिल ईस्टतनावभारतीय दूतावासएडवाइजरीIranQatarUSAMissile AttackAl Udeid Air BaseNuclear SitesIsraelMiddle EastTensionIndian EmbassyAdvisoryजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





