ईरान में जारी विरोध प्रदर्शन के बीच खामेनेई सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। ईरान ने अचानक अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है। सभी उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। केवल उनको छोड़कर जिन्हें अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विशेष अनुमति मिली हो।
यह आदेश देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई और जवाब में अमेरिकी हमलों की संभावना के बीच बढ़े तनाव के माहौल में आया है। ईरान के एयर डिफेंस कमांड को आदेश दिया गया है कि बिना पहचान के ईरान के एयरस्पेस में घुसने वाले किसी भी विमान को "तुरंत निशाना बनाया जाए।"
इस बीच एयर इंडिया ने भी अपने यात्रियों के लिए एक ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ईरान एयरस्पेस बंद होने के बाद, कई उड़ानें वैकल्पिक रूट से संचालित की जा रही हैं। नए रूट्स की वजह से उड़ानों के समय में इजाफा हो सकता है और इससे यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, कुछ रूट्स फिलहाल संभव नहीं होने के चलते कुछ उड़ानों को रद्द भी किया गया है।





