
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने होर्मुज स्ट्रेट में टोगो के झंडे वाले एक तेल टैंकर पर हमला करने का दावा किया है. ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, टैंकर का नाम 'ट्रेंड' है. ईरान का कहना है कि टैंकर ने होर्मुज स्ट्रेट से "गैरकानूनी तरीके से गुजरने" की कोशिश की, जिसके बाद उसे निशाना बनाया गया और रोक लिया गया.
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के बयान के मुताबिक, टैंकर में आग लगने के बाद उसे निशाना बनाया गया और हिरासत में ले लिया गया. ईरान का आरोप है कि टैंकर उसके बताए रास्ते से अलग होकर होर्मुज स्ट्रेट पार करने की कोशिश कर रहा था.
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर सख्ती बढ़ा दी है. ईरान कमर्शियल जहाजों से पहले मंजूरी लेने और उसके बताए रास्ते से गुजरने की मांग कर रहा है.इससे पहले ब्रिटेन के यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस यानी यूकेएमटीओ ने गुरुवार को होर्मुज स्ट्रेट में एक "सिक्योरिटी इंसिडेंट" की जानकारी दी थी. यूकेएमटीओ के मुताबिक, यह घटना ओमान के खासाब से करीब 29.6 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में हुई.





