भारत
सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ पर इकबाल अंसारी ने जताई खुशी, बोले-श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी सुविधा
jantaserishta.com
23 Nov 2026 11:39 AM IST

x
अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ पर अयोध्या के इकबाल अंसारी ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन अयोध्या के लिए बेहद शुभ है क्योंकि यह भारत से नेपाल तक जाएगी। इससे दोनों देशों के बीच न केवल आवागमन आसान होगा बल्कि आपसी संबंध भी और मजबूत होंगे।
इकबाल अंसारी ने कहा कि अयोध्या की धरती भगवान श्रीराम की नगरी रही है। अब यहां से सीतामढ़ी तक ट्रेन जाने से दोनों स्थानों का जुड़ाव और गहरा होगा। इससे विकास को गति मिलेगी, लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और यात्रियों को तमाम सुविधाएं भी प्राप्त होंगी। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज वह दिन आ गया है, जब अयोध्या से ट्रेन नेपाल तक जाएगी। इसके लिए हिंदू और मुसलमान, सभी की ओर से बधाई और धन्यवाद दिया जा रहा है।
इकबाल अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ऐसे ही होने चाहिए, जिनके प्रयासों से एक देश दूसरे देश से जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के बेहतर संबंधों का ही परिणाम है कि आज सीतामढ़ी के लिए ट्रेन अयोध्या से चल रही है। यह ट्रेन दोनों देशों के लोगों के बीच प्रेम और भाईचारे को भी बढ़ाएगी।
बता दें कि सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ सोमवार को अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा के रूप में किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह इसे वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे जबकि आम यात्रियों के लिए नियमित सेवा 28 नवंबर से शुरू होगी। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या में मौजूद रहेंगे।
यह रेल सेवा उत्तर प्रदेश की अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम को सीधे जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। दोनों शहरों का रामायण परंपरा में विशेष स्थान है। जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है जबकि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के रूप में पूरे विश्व में श्रद्धा का केंद्र है। ऐसे में यह रेल संपर्क केवल दो शहरों के बीच आवागमन का साधन नहीं है बल्कि दोनों देशों की साझा धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाला माध्यम भी बनेगा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





