IPS की बेटी व एक्ट्रेस की पुलिस हिरासत में पिटाई, फोटो वायरल

कर्नाटक। सोना तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कन्नड़ एक्ट्रेस रान्या राव की एक तस्वीर वायरल हो रही है। इसमें उसकी सूजी हुई आंखें और चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। इसे देखकर अटकलें लगाई जा रही हैं कि उनकी गिरफ्तारी के दौरान या बाद में उन पर हमला किया गया होगा। सोशल मीडिया पर इंटरनेट यूजर्स इसे लेकर तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं। वहीं, कर्नाटक राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष नागालक्ष्मी चौधरी ने इस मामले पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की जाती, तब तक जांच नहीं की जा सकती है।
रान्या राव के चोटिल चेहरे की वायरल तस्वीर पर प्रतिक्रिया देते हुए नागालक्ष्मी चौधरी ने इसकी निंदा की। मगर, उन्होंने कहा कि आयोग तब तक कार्रवाई नहीं कर सकता जब तक उसे कोई शिकायत नहीं मिलती होती है। उन्होंने कहा, 'अगर वह आयुक्त को लिखती हैं या मुझे पत्र भेजती हैं और हमसे इस मामले की जांच करने की मांग करती हैं, तो हम संबंधित अधिकारियों को उनकी मदद करने की अपील करूंगी। इस मामले में उचित जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए लिखा जाएगा। आयोग बस इतना ही कर सकता है। उन्होंने अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है, इसलिए मैं इस पर और टिप्पणी नहीं कर सकती।'
कर्नाटक राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा, 'जिसने भी यह हमला किया है, उसे ऐसा नहीं करना चाहिए था। इतना तो तय है। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। इस मामले की जांच होनी चाहिए। कानून यहां अपना काम करेगा। किसी को भी किसी पर हमला करने का अधिकार नहीं है, चाहे वह एक महिला हो या कोई और। मैं इसके पूरी तरह खिलाफ हूं।' इस बीच, आर्थिक अपराध मामलों की विशेष अदालत ने शुक्रवार को रान्या राव को 3 दिन के लिए राजस्व खुफिया निदेशालय की हिरासत में भेज दिया। राव को इस सप्ताह की शुरुआत में दुबई से 14.2 किलोग्राम सोने की तस्करी के आरोप में केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया था।





