भारत

IPS सुसाइड केस, तीन सुसाइड नोट मिले, मचा हड़कंप

jantaserishta.com
9 Oct 2025 3:36 PM IST
IPS सुसाइड केस, तीन सुसाइड नोट मिले, मचा हड़कंप
x
बड़ी खबर.
चंडीगढ़: हरियाणा के सीनियर आईपीएस अफसर वाई पूरन कुमार की आत्महत्या का मामला लगातार गहराता जा रहा है. अब सामने आया है कि उन्होंने मरने से पहले सुसाइड नोट की तीन कॉपियां छोड़ी थीं. एक हाथ से लिखी नोट उनकी जेब में, दूसरी लैपटॉप बैग में रखी और तीसरी उसी नोट की टाइप की हुई कॉपी उनके लैपटॉप में सेव थी. बाताया जा रहा है कि तीनों नोट में एक जैसी बातें लिखी थीं.
पूरन कुमार की पत्नी आईएएस अमनीत पी. कुमार उस वक्त मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ जापान में सरकारी दौरे पर थीं. घटना के तुरंत बाद वे घर लौटीं, बाद में जब उन्होंने आलमारी खोली तो उन्हें वहां लैपटॉप बैग मिला. अमनीत ने पुलिस को लिखे पत्र में बताया है कि जब मैंने लैपटॉप बैग खोला, तो उसमें सुसाइड नोट की एक और प्रति थी. लैपटॉप ऑन किया, तो वही नोट टाइप किया हुआ मिला.
आईएएस अमनीत कुमार ने अपनी शिकायत में हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत सिंह कपूर और रोहतक एसपी नरेंद्र बिजरनिया पर सीधे आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा है कि मेरे पति को फर्जी साक्ष्यों के आधार पर फंसाया जा रहा था. उन्होंने डीजीपी से बात की, लेकिन उन्होंने सब दबा दिया. फिर एसपी बिजरनिया को कॉल किया, मगर उन्होंने जानबूझकर फोन नहीं उठाया. दोनों के बीच साजिश थी. अमनीत ने मांग की है कि दोनों अधिकारियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और धारा 108 (abetment to suicide) के तहत केस दर्ज हो.
सुसाइड से कुछ घंटे पहले पूरन कुमार ने पत्नी को नौ पन्नों का सुसाइड नोट और वसीयत भेजा था.जिसे देखकर घबराईं अमनीत ने उन्हें लगातार 15 बार कॉल किया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया. इसके बाद अमनीत ने अपनी बेटी अमूल्या को फोन किया कि पापा से तुरंत बात करो, घर जाकर देखो. जब बेटी अमूल्या घर पहुंचीं, तो बेसमेंट अंदर से बंद था. दरवाजा तोड़ने पर पूरन कुमार सोफे पर पड़े मिले, सिर से खून बह रहा था.
घर पर मौजूद कुक प्रेम सिंह ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 10 बजे साहब ने कहा था कि वो बेसमेंट जा रहे हैं, आज उन्हें डिस्टर्ब न किया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि वो अपने कुत्ते को भी टहलाने नहीं जाएंगे.” करीब 11 बजे वो थोड़ी देर के लिए ऊपर आए, खाना मंगाया और फिर नीचे चले गए. इसके बाद उनकी कोई आवाज नहीं सुनी गई.
पूरन कुमार ने 6 अक्टूबर को एक वसीयत तैयार की थी. उसमें उन्होंने अपनी सभी चल-अचल संपत्तियां, बैंक खाते, शेयर, चंडीगढ़ का घर, मोहाली का प्लॉट और गुड़गांव की ऑफिस प्रॉपर्टी अपनी पत्नी अमनीत पी. कुमार के नाम कीं. वसीयत में उन्होंने लिखा कि मेरी मृत्यु के बाद मेरी पत्नी ही मेरी सभी संपत्तियों की एकमात्र उत्तराधिकारी होंगी. वसीयत और सुसाइड नोट दोनों उन्होंने उसी दिन भेजे थे.
विदेश दौरे से लौटने के बाद अमनीत कुमार ने चंडीगढ़ के सेक्टर 11 थाने में शिकायत दी और कहा कि जब तक जिम्मेदार अधिकारियों की गिरफ्तारी नहीं होती, मैं पोस्टमार्टम की अनुमति नहीं दूंगी. फिलहाल पूरन कुमार का शव मेडिकल जांच में रखा गया है. परिवार न्याय की मांग पर अडिग है.
पूरन कुमार ने सुसाइड नोट में कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम लिखे हैं कि जिनमें मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, पूर्व मुख्य सचिव टी.वी.एस.एन. प्रसाद, पूर्व डीजीपी मनोज यादव, पी.के. अग्रवाल, राजीव अरोड़ा और कई अन्य शामिल हैं. उन्होंने लिखा कि मेरे बैचमेट्स मनोज यादव, पी.के. अग्रवाल और टी.वी.एस.एन. प्रसाद ने मिलकर जातिगत उत्पीड़न किया. मैंने गृह मंत्री और मुख्य सचिव को लिखित शिकायत दी, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. पूरन कुमार ने लिखा कि आईपीएस कुलविंदर सिंह ने उन्हें फोन पर चेतावनी दी कि डीजीपी ने आदेश दिया है कि तुम्हें स्थायी रूप से हटाया जाएगा, संभल जाओ. वहीं आईपीएस माटा रवि किरण ने उनके प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिसे उन्होंने आत्महत्या का मुख्य कारण बताया. उन्होंने अंतिम पन्ने में लिखा मैं अब और नहीं सह सकता. जो लोग मुझे इस स्थिति तक लाए, वही मेरी मौत के जिम्मेदार हैं.
पूरन कुमार केस अब हरियाणा पुलिस, गृह मंत्रालय और एससी/एसटी आयोग की निगरानी में है. सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार ने एसआईटी गठन पर भी विचार शुरू कर दिया है. वहीं, अमनीत कुमार ने साफ कहा कि ये सिर्फ मेरे पति की मौत नहीं, सिस्टम की परीक्षा है. जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलेगी, मैं पीछे नहीं हटूंगी.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story