भारत

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, चोरी की 11 बाइक बरामद

jantaserishta.com
13 Jun 2026 5:38 PM IST
अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, चोरी की 11 बाइक बरामद
x
नोएडा: पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में गौतमबुद्ध नगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सेक्टर-20 थाने की पुलिस ने एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना समेत दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 11 मोटरसाइकिलें तथा एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 जून को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-28 क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सोनू हलदर (23 वर्ष) निवासी छलेरा, सेक्टर-44 नोएडा और नाजिम (20 वर्ष) निवासी हरदोई, वर्तमान निवासी छलेरा, नोएडा के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी लंबे समय से नोएडा, दिल्ली और एनसीआर के अन्य क्षेत्रों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
चोरी से पहले आरोपी इलाके की रेकी करते थे और मौका मिलते ही मोटरसाइकिल चोरी कर लेते थे। इसके बाद वे चोरी के वाहनों को राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सोनू हलदर के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में बीएनएस की धारा 317(2), 317(5) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बरामद 11 मोटरसाइकिलों में कई वाहन दिल्ली के ज्योति नगर, न्यू अशोक नगर, बदरपुर और समयपुर बादली थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे, जबकि अन्य वाहन नोएडा क्षेत्र से चोरी किए गए बताए जा रहे हैं। पुलिस अब बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वाहन वापस दिलाने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। सोनू हलदर के खिलाफ पहले से चोरी, अवैध हथियार और आबकारी अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि नाजिम के खिलाफ भी वाहन चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई को एनसीआर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story