भारत

जयपुर में महिला जी20 समूह की अंतर्राष्ट्रीय बैठक 13-14 अप्रेल को होगी

Admin Delhi 1
12 April 2023 3:07 PM GMT
जयपुर में महिला जी20 समूह की अंतर्राष्ट्रीय बैठक 13-14 अप्रेल को होगी
x

जयपुर: जी20 के महिला20 समूह की दो दिन की अंतर्राष्ट्रीय बैठक 13 और 14 अप्रेल को जयपुर के ललित होटल में शुरू हो रही है। बैठक में समावेशी और टिकाऊ भविष्य को गति देने के लिए महिलाओं की अभी तक अप्रयुक्त क्षमता का लाभ उठाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में जी20 के देशों में से 18 देशों की 120 अग्रिणी महिलाएँ शिरकत करेंगी और लैंगिक समानता, विश्वस्तर पर महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने पर चर्चा करेंगी।

महिला20 की अध्यक्ष डॉ. संध्या पुरेचा ने जयपुर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि महिला20 (वीमेन-20) जी20 का आधिकारिक समूह है जिसकी स्थापना 2015 में तुर्की की अध्यक्षता में लैंगिक समानता के लिए की गई थी। इसका प्राथमिक उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, महिला अधिकारों की वकालत और उनके लिए एक मंच का निर्माण करना है ताकि वे समानता के साथ अपनी राय रख सकें। महिला20 यह भी सुनिश्चित करने की कल्पना करता है कि जी20 के नेताओं की घोषणाएं उनकी प्रतिबद्धता और उपायों में शामिल है जो लैंगिक समानता और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में सहायता और बढ़ावा देने वाली हैं।

जयपुर में होने वाली बैठक की थीम है-'महिलाओं के नेतृत्व में समावेशी विकास और सतत भविष्य को गति देने के लिए महिलाओं की अप्रयुक्त क्षमता का लाभ उठना'। महिला20 भारत ने अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए चार रणनीति अपनाई हैः अपने मिशन और लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सहयोग देना, सहयोग करना, संवाद करना और आम सहमति बनाना तथा उसे कार्यान्वित करना। भारत के महिला20 एजेंडे में पांच प्राथमिकता वाले क्षेत्र हैं: उद्यमिता क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना, जमीनी स्तर पर महिला नेतृत्व, लैंगिक डिजिटल असमानता, शिक्षा और कौशल विकास और जलवायु परिवर्तन।

प्रेस वार्ता में मीडिया से चर्चा करते हुए महिला20 की मुख्य समन्वयक धरित्री पटनायक ने बताया कि बैठक की शुरुआत 12 अप्रैल को 'जन भागीदारी- महिला सशक्तिकरण की महिला यात्रा' विषय के साथ होगी। यह आयोजन जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी, जयपुर फिजियोथेरेपिस्ट नेटवर्क और राजस्थान सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है। केन्द्रिय संस्कृति राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल मुख्य अतिथि होंगे। महिला20 की अध्यक्ष डॉ. संध्या पुरेचा महिला20 इंडिया के प्रतिनिधियों के साथ दो दिवसीय बैठक में शिरकत करेंगी। इन दो दिनों में महिला आर्थिक सशक्तिकरण, लैंगिक डिजिटल असमानता, जमीनी नेतृत्व और उद्यमिता, स्थायी भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करने जैसे विषयों पर व्याख्यान और पैनल चर्चाएं होंगी।

उद्घाटन सत्र में प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद की सदस्य डॉ. शमिका रवि, भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव श्री इंदीवर पांडेय, राजस्थान सरकार की मुख्य सचिव ऊषा शर्मा, जी20 के शेरपा अमिताभ कांत सम्बोधित करेंगे। पहले दिन महिला20 नवाचार, मिशन डिजिटल वीमेन, वित्तीय और डिजिटल साक्षरता और कौशल कार्यक्रमों का भी शुभारंभ होगा। इसके अलावा राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से कला कार्यशाला, सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। दूसरे दिन के आयोजन की शुरुआत पूज्य साध्वी देवप्रिया, पतंजलि विश्वविद्यालय द्वारा योग के माध्यम से महिलाओं के लिए नेतृत्व विकास सत्र से होगी। इसके बाद जमीनी स्तर के नेतृत्व और उद्यमिता पर एक पूर्णसत्र होगा, जिसमें भारत सरकार की टैक्सटाइल राज्यमंत्री श्रीमती दर्शना जरदोश विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।

उल्लेखनीय है कि महिला20 की बैठक महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और लैंगिक समानता पर चर्चा करने और उसकी वकालत करने का एक अनूठा मंच है। यह आयोजन जी20 देशों के 18 देशों की 120 महिला लीडर्स को एक साथ लाएगा और उन्हें अपने अनुभव, अंतर्दृष्टि और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने के साथ-साथ उन पहलों पर सहयोग करने का अवसर प्रदान करेगा जो अधिक समावेशी और टिकाऊ भविष्य की दिशा में प्रगति में मदद करेंगे।

Next Story