भारत

अंतरराष्ट्रीय साइबर: बैंक खातों में मिला 37 करोड़ का संदिग्ध लेनदेन, ठगी का पर्दाफाश

SHIDDHANT
19 Nov 2026 7:35 PM IST
अंतरराष्ट्रीय साइबर: बैंक खातों में मिला 37 करोड़ का संदिग्ध लेनदेन, ठगी का पर्दाफाश
x
सदस्य गिरफ्तार
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश की सोनभद्र पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए प्रयागराज निवासी सौरभ सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में इस नेटवर्क के जरिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी होने की आशंका जताई गई है। सोनभद्र से जुड़े बैंक खातों में करीब 37 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन सामने आया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि साइबर क्राइम थाना और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने सहयोगियों के साथ संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में कंपनियां स्थापित कर लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देता था।
आरोप है कि गिरोह के सदस्य नौकरी के नाम पर लोगों के बैंक खाते खुलवाते थे और उनका इस्तेमाल साइबर ठगी में करते थे। पुलिस की जांच में बैंक खातों की खरीद-फरोख्त से जुड़े एक संगठित नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है। इन खातों के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में ठगी की रकम का लेनदेन किया जाता था। पुलिस के अनुसार, निवेश, ऑनलाइन गेमिंग, शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाया जाता था। जांच में सामने आए संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
एसपी ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में इस नेटवर्क से संबंधित करीब 200 साइबर शिकायतें दर्ज हैं। इस मामले में सोनभद्र पुलिस पहले भी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सौरभ सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से महिंद्रा थार, 27 बैंक कार्ड, चेकबुक, पासबुक, तीन मोबाइल फोन और एक एप्पल लैपटॉप बरामद किया है। बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क से कितने लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि जांच आगे बढ़ने पर करोड़ों रुपये की ठगी से जुड़े कई और मामले सामने आ सकते हैं।
Next Story