भारत

अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 8 चोरी की गाड़ियां और चाकू बरामद

SHIDDHANT
1 Aug 2026 7:34 PM IST
अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 8 चोरी की गाड़ियां और चाकू बरामद
x
गिरफ्तार
Noida नोएडा: नोएडा के थाना सेक्टर-58 पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से चोरी की 7 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी तथा एक चाकू बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में सक्रिय थे और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें सस्ते दामों में बेच दिया करते थे। पुलिस के अनुसार, शनिवार को थाना सेक्टर-58 पुलिस ने सेक्टर-57 से टीटू पुत्र कलुआ और एकान्त उर्फ मोनू पुत्र बबलू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर की भीड़भाड़ वाली मार्केट, मॉल और कंपनियों की पार्किंग पर नजर रखते थे। मौका मिलते ही मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी कर उन्हें कम आवाजाही वाले स्थानों पर छिपा देते थे। बाद में अपने संपर्कों के माध्यम से चोरी के वाहनों को ग्राहकों को बेच देते थे।
चोरी से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल दोनों अपने शौक पूरे करने और नशे की लत पर खर्च करते थे। गिरफ्तार आरोपी टीटू मूल रूप से बुलंदशहर के शिकारपुर क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली के न्यू कोंडली में रह रहा था। वहीं दूसरा आरोपी एकान्त उर्फ मोनू बागपत का निवासी है और फिलहाल दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले भी वाहन चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, टीटू के खिलाफ बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़ और गौतमबुद्धनगर सहित विभिन्न जिलों में वाहन चोरी, चोरी का माल रखने, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं एकान्त उर्फ मोनू के खिलाफ भी दिल्ली,
गाजियाबाद
और गौतमबुद्धनगर में वाहन चोरी और अन्य अपराधों से जुड़े 4 मुकदमे दर्ज हैं। बरामद वाहनों में कुछ मोटरसाइकिल और स्कूटी ऐसे हैं, जिनके संबंध में पहले से दिल्ली और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में वाहन चोरी की एफआईआर दर्ज है।
पुलिस अब बरामद अन्य वाहनों के संबंध में भी उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाने और लंबित मामलों से उनका मिलान करने में जुटी है। थाना सेक्टर-58 पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त में कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story