
x
पुलिस का बड़ा एक्शन एक्सप्रेसवे पर पकड़ी गई करोड़ों की नशे की खेप
Jaipur जयपुर। राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित अंतरराज्यीय स्मैक तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 153.34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई सवाई माधोपुर पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन और थाना प्रभारी श्यामसुंदर के नेतृत्व में रणवाजना डूंगर थाना पुलिस ने की। पुलिस को यह सफलता जयपुर रेंज साइबर सेल से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर हासिल हुई। पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कोटा से कुस्तला टोल प्लाजा की तरफ एक पिकअप वाहन में नशीले पदार्थ की खेप लाई जा रही है। जानकारी यह भी मिली थी कि लालसोट से एक स्विफ्ट डिजायर कार में सवार व्यक्ति स्मैक की खेप लेने पहुंचने वाला है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एक्सप्रेसवे पर निगरानी बढ़ाई और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। वहां एक स्विफ्ट डिजायर कार और एक पिकअप वाहन आमने-सामने खड़े मिले। पुलिस ने दोनों वाहनों की जांच शुरू की। तलाशी के दौरान स्विफ्ट डिजायर कार से खाकी रंग की टेप में लिपटी हुई 153.34 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों में मौजूद लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर कार में करौली जिले के खोयली थाना क्षेत्र निवासी और वर्तमान में दौसा में रह रहे सुभाष गुर्जर मौजूद था। वहीं पिकअप वाहन में बारां जिले के छीपाबड़ौद क्षेत्र के खेड़ी थाना निवासी रामनिवास मीणा मिला। प्रारंभिक पूछताछ में सुभाष गुर्जर ने कथित तौर पर बताया कि उसने यह स्मैक रामनिवास मीणा से प्राप्त की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने लंबे समय से स्मैक तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार की है। आरोपी सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, जयपुर और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में नशीले पदार्थों की सप्लाई करते थे। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की खेप कहां से लाई जाती थी और किन-किन लोगों को सप्लाई की जाती थी। इस कार्रवाई में रणवाजना डूंगर थाना पुलिस के साथ डीएसटी सवाई माधोपुर और जयपुर रेंज साइबर सेल की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम में एएसआई रतनदीप, हेड कांस्टेबल राकेश, रोशन और जितेंद्र कुमार सहित अन्य जवान शामिल रहे। सवाई माधोपुर पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





