भारत

अंतरराज्यीय महिला एग स्मगलिंग रैकेट, डेंटिस्ट ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

jantaserishta.com
5 March 2026 8:38 AM IST
अंतरराज्यीय महिला एग स्मगलिंग रैकेट, डेंटिस्ट ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
x
बड़ा एक्शन.
ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से संचालित अंतरराज्यीय महिला एग स्मगलिंग रैकेट के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. इस बार नासिक के एक डेंटिस्ट को हिरासत में लिया गया है, जिस पर अपनी पत्नी के नाम से पंजीकृत आईवीएफ सेंटर का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों के लिए करने का आरोप है.
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान डॉ. अमोल पाटिल के रूप में हुई है, जो नासिक के मुंबई नाका इलाके में ‘मालती आईवीएफ सेंटर’ का संचालन करता है. जांच में सामने आया कि सेंटर आधिकारिक रूप से उसकी पत्नी के नाम पर पंजीकृत है, लेकिन इसका उपयोग अवैध सरोगेसी कॉन्ट्रैक्ट और महिला अंडाणुओं की तस्करी के लिए किया जा रहा था.
एजेंसी के अनुसार, पुलिस ने डॉ. पाटिल को मंगलवार देर रात गिरफ्तार किया. बुधवार को उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 9 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में पुलिस हिरासत में आरोपियों की संख्या बढ़कर छह हो गई है. इससे पहले सुलक्षणा गाडेकर, अश्विनी चाबुकस्वर, मंजूषा वानखेड़े, सोनल गरेवाल और सुमित सोनकांबले को गिरफ्तार किया जा चुका है.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह जरूरतमंद महिलाओं को पैसे का लालच देकर उनसे कई बार अंडाणु दान करवाता था. इसके लिए फर्जी आधार कार्ड और नकली पहचान पत्र तैयार किए जाते थे, ताकि एक ही महिला को अलग-अलग नामों से कई बार डोनर दिखाया जा सके और कानूनी नियमों को दरकिनार किया जा सके.
अधिकारियों के मुताबिक छापेमारी के दौरान करीब 15 लाख रुपये की दवाइयां और इंजेक्शन बरामद किए गए हैं. प्राथमिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि इस नेटवर्क के जरिए 500 से ज्यादा महिलाओं का शोषण किया गया हो सकता है. महिलाओं को एक बार अंडाणु देने के बदले सिर्फ 25 से 30 हजार रुपये दिए जाते थे, जबकि इन्हीं अंडाणुओं को लाखों रुपये में बेचा जाता था.
उल्हासनगर के डीसीपी सचिन गोरे ने बताया कि मामले के मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए तीन पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन से कई महिलाओं की तस्वीरें, फर्जी एफिडेविट और सोनोग्राफी रिपोर्ट भी बरामद हुई हैं. पुलिस अब ठाणे और आसपास के जिलों में स्थित अन्य आईवीएफ और सोनोग्राफी केंद्रों की भी जांच कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार में शामिल बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story