भारत

12 लाख का बीमा, जमीन और प्रेम प्रसंग… पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश

SHIDDHANT
7 Oct 2026 8:22 PM IST
12 लाख का बीमा, जमीन और प्रेम प्रसंग… पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश
x
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के डिबाई इलाके में मुकेश हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुकेश की पत्नी पूनम ने अपने प्रेमी कवेंद्र और उसके साथी अरविंद के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। जांच में प्रेम प्रसंग के साथ जमीन और करीब 12 लाख रुपए की बीमा राशि का एंगल भी सामने आया है।
मामला डिबाई कोतवाली क्षेत्र के उदयपुर गांव के पास का है। 15 सितंबर को मुकेश पुत्र प्रेमपाल का शव कीचड़ में मिला था। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की। सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच का दायरा मुकेश की पत्नी पूनम तक पहुंचा।
पुलिस के अनुसार, पूनम पिछले करीब तीन महीने से दादरी की एक नर्सरी में काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के भटपुरा गांव निवासी कवेंद्र से हुई। पुलिस का दावा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। इसके बाद मुकेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई। इस साजिश में कवेंद्र के साथी अरविंद की भूमिका भी सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को कवेंद्र ने पहले मुकेश को शराब पिलाई। इसके बाद उसे गांव के बाहर सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां पूनम और एक अन्य आरोपी पहले से मौजूद थे। आरोप है कि तीनों ने मिलकर मुकेश का मुंह कीचड़ में दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
जांच में यह भी सामने आया कि मुकेश के हिस्से में करीब 10 बीघा जमीन थी, जिसमें से वह लगभग 9 बीघा बेच चुका था। बची हुई करीब एक बीघा जमीन को भी बेचने की तैयारी कर रहा था, जिसका पूनम विरोध कर रही थी। इसके अलावा मुकेश के नाम करीब 12 लाख रुपए का बीमा भी बताया गया है। मुकेश के भाई देवेंद्र की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने पूनम, कवेंद्र और अरविंद को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Next Story