भारत

ड्यूटी के दौरान अचानक गश खाकर गिरा दरोगा, अस्पताल में मौत

Shantanu Roy
29 May 2024 12:52 PM GMT
ड्यूटी के दौरान अचानक गश खाकर गिरा दरोगा, अस्पताल में मौत
x
परिजन सदमें में
धूमनगंज। जिले में धूमनगंज में तैनात दरोगा की बुधवार को मौत हो गयी। वह कचहरी में ड्यूटी के दौरान अचानक गश खाकर गिर गये थे। दरोगा की तबीयत बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दरोगा को उपचार के लिए बेली अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है। बताया जा रहा है कि हीट स्ट्रोक के चलते दरोगा की मौत हुई है। मूलरूप से झांसी जनपद के उल्दन गांव के रहने वाले रणकेंद्र सिंह (56) 19 जनवरी 2023 से धूमनगंज थाने में तैनात थे। प्रयागराज में वह झूंसी में परिवार के साथ रह रहे थे। साल 1987 में रणकेंद्र सिंह पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे।

कुछ समय पूर्व ही उनकी उप निरीक्षक पद पर प्रोन्नति हुई थी। रणकेंद्र सिंह की ड्यूटी इन दिनों न्यायालय सुरक्षा में लगी थी। बुधवार को रणकेंद्र थाने से कचहरी ड्यूटी के लिए पहुंचे थे। ड्यूटी के दौरान ही दरोगा रणकेंद्र अचानक गश खाकर गिर गये। दरोगा के बेहोश होते हुए साथी पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मी आनन-फानन में उन्हें बेली अस्पताल ले गये। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक दरोगा की मौत के पीछे हीट स्ट्रोक वजह हो सकती है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Next Story