इंस्पेक्टर को लगी गोली, हत्या के आरोपी को पकड़ने के दौरान घायल

दिल्ली। द्वारका पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) और एएटीएस (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड) टीम ने बिंदापुर थाना क्षेत्र में एक हत्या के मामले में वांछित चल रहे अपराधी ऋषभ उर्फ रितिक उर्फ डांसर को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इस दौरान आरोपी की गोली लगने से एक इंस्पेक्टर घायल हो गए।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ऋषभ उर्फ रितिक उर्फ डांसर मंगलवार रात द्वारका के सेक्टर-3 इलाके में आने वाला है। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर सुभाष चंद (एएनसी) और इंस्पेक्टर कमलेश कुमार (एएटीएस) की देखरेख में एक टीम ने घेराबंदी की।
जब पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी। गोलीबारी में आरोपी रितिक घायल हो गया और उसे तुरंत इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया। वहीं, एएनसी के इंस्पेक्टर सुभाष चंद के बाएं हाथ में भी गोली लगी, जिन्हें वेंकटेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।





