भारत

केन्या के मोम्बासा से रवाना हुआ आईएनएस तरकश, दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग हुआ मजबूत

jantaserishta.com
3 Oct 2026 3:02 PM IST
केन्या के मोम्बासा से रवाना हुआ आईएनएस तरकश, दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग हुआ मजबूत
x
नैरोबी: भारतीय नौसेना का प्रमुख गाइडेड-मिसाइल युद्धपोत आईएनएस तरकश केन्या के मोम्बासा में अपनी सफल यात्रा पूरी करने के बाद वहां से रवाना हो गया है। इस दौरे से भारत और पूर्वी अफ्रीकी देश केन्या के बीच समुद्री सहयोग और आपसी रिश्तों को और मजबूत करने में मदद मिली।
नैरोबी में भारतीय उच्चायोग ने शनिवार को 'एक्‍स' पोस्‍ट पर बताया कि शुक्रवार को स्थानीय समय के मुताबिक मोम्बासा से रवाना होते समय आईएनएस तरकश ने केन्याई नौसेना के जहाज केएनएस जसीरी के साथ 'पैसेज एक्सरसाइज' (पाससेक्स) में हिस्सा लिया।
इस अभ्यास से दोनों देशों की नौसेनाओं की साथ मिलकर काम करने की क्षमता बेहतर हुई और समुद्री सुरक्षा को लेकर उनकी साझा प्रतिबद्धता भी मजबूत हुई।
शुक्रवार को आईएनएस तरकश की मोम्बासा यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना और केन्या नौसेना के जवानों और अधिकारियों के बीच प्रोफेशनल बातचीत और ट्रेनिंग भी हुई। इसमें जहाज पर अधिकारियों की जिम्मेदारियों, सुरक्षा व्यवस्था और इलेक्ट्रिकल तथा इंजीनियरिंग से जुड़े रखरखाव जैसे विषय शामिल थे।
भारतीय उच्चायोग ने 'एक्‍स' पर ल‍िखा, "केन्या नौसेना के मेडिकल अधिकारियों को जहाज पर मौजूद टेलीमेडिसिन सुविधा के बारे में जानकारी दी गई। वहीं दोनों नौसेनाओं ने 'पैसेज एक्सरसाइज' (पाससेक्स) की तैयारी के लिए मिलकर योजना बनाई। इन गतिविधियों से एक-दूसरे से सीखने और दोनों नौसेनाओं की साथ काम करने की क्षमता मजबूत हुई।"
इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। आईएनएस तरकश ने मटवापा के सहजानंद स्पेशल चिल्ड्रन स्कूल के करीब 100 बच्चों और दूसरे लोगों का जहाज पर स्वागत किया। आईएनएस तरकश को आम लोगों के लिए भी खोला गया था। इसका मकसद भारत और केन्या के लोगों के बीच आपसी संपर्क और रिश्तों को और मजबूत करना था।
मोम्बासा में भारत के सहायक उच्चायोग ने 'एक्‍स' पर बताया कि केन्या नौसेना के कर्मियों को एफएमपी ड्यूटी और इलेक्ट्रिकल तथा इंजीनियरिंग रखरखाव के बारे में जानकारी दी गई। वहीं, आईएनएस तरकश के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी ने केन्या नौसेना के मेडिकल अधिकारियों को जहाज पर मौजूद टेलीमेडिसिन सुविधा के बारे में बताया। आईएनएस तरकश के कमांडिंग ऑफिसर ने केन्या नेवी बेस मटोंगवे के कमांडर ब्रिगेडियर विलियम किपरोटिच से भी मुलाकात की। इसके अलावा केन्या नौसेना ने भारतीय युद्धपोत के अधिकारियों और नौसैनिकों के लिए डिनर का आयोजन किया। इसका मकसद दोनों नौसेनाओं के बीच दोस्ती और आपसी तालमेल को और मजबूत करना था।
इससे पहले इसी हफ्ते केन्या में भारत के उच्चायुक्त आदर्श स्वैका और आईएनएस तरकश के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन रोहित मिश्रा ने मोम्बासा में जहाज पर एक डेक रिसेप्शन की मेजबानी की। इस कार्यक्रम में भारत और केन्या के बीच लंबे समय से चले आ रहे समुद्री सहयोग और दोस्ती को दिखाया गया।
भारतीय उच्चायोग के मुताबिक, कार्यक्रम में केन्या नौसेना के डिप्टी फ्लीट कमांडर, केन्या नौसेना के प्रतिनिधि, अलग-अलग देशों के राजनयिक और भारतीय समुदाय के सदस्य शामिल हुए। उच्चायोग ने कहा कि इस कार्यक्रम ने दोनों देशों के मजबूत रिश्तों के साथ-साथ क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और समुद्री सुरक्षा के लिए उनकी साझा प्रतिबद्धता को भी दिखाया। आईएनएस तरकश की इस बंदरगाह यात्रा ने पश्चिमी हिंद महासागर में भारत और केन्या के बीच समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाने में मदद की।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story