भारत

मासूम की विधायक से भावुक अपील, वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना

jantaserishta.com
2 July 2026 5:58 PM IST
मासूम की विधायक से भावुक अपील, वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना
x
वीडियो हुआ वायरल.
हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक मासूम बच्चे का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. पांच साल का यह बच्चा विधायक जी से अपना घर बनवाने की मार्मिक अपील करता दिखाई दे रहा है. सरकारी आवास की मांग को लेकर बच्चे ने स्थानीय विधायक मनोज प्रजापति से गुहार लगाई- 'प्लीज प्लीज भैया जी, देखो कैसी छीछालेदर पड़ी है. साहब हमारा भी मकान बनवा दो. सबको मकान दिए हमें भी दिलवा दो, हमारे पे दया कर दो.'
आपको बता दें कि जिले की मौदहा तहसील के अरतरा गांव के रहने वाले 5 साल के मासूम बच्चे कपिस कुमार ने अपने घर की दुर्दशा दिखाते हुए स्थानीय विधायक मनोज प्रजापति से पक्के आवास की मांग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है. झोपड़ी में रहने वाले इस बच्चे ने वीडियो में दोनों हाथ जोड़कर विधायक से घर बनवाने की मार्मिक अपील की थी. वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अरुण कुमार सिंह ने जांच पड़ताल कराई. जांच के बाद प्रशासन ने बयान जारी कर बताया कि इस परिवार का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास पहले से ही स्वीकृत है.
गांव के अशोक प्रजापति गुजरात में मजदूरी करते हैं और उनका परिवार गांव में एक बदहाल झोपड़ी में रहता है. इस परिवार में पत्नी चंदा देवी, दो बेटे और एक बेटी आरती हैं. जब वीडियो वायरल होने के बाद मीडिया की टीम उनके घर पहुंची, तो वहां का नजारा बेहद हैरान करने वाला था. इस कच्चे घर में न तो टॉयलेट है, न बाथरूम और न ही रसोई की कोई व्यवस्था है.
कक्षा दो में पढ़ने वाले कपिस कुमार ने हिम्मत दिखाकर अपने घर की बदहाली का वीडियो खुद बनाया. वीडियो में मासूम कहता दिख रहा है, 'प्लीज प्लीज भैया जी, देखो कैसी छीछालेदर पड़ी है. साहब हमारा भी मकान बनवा दो. सबको मकान दिए हमें भी दिलवा दो, हमारे पे दया कर दो.' बच्चे की मां चंदा देवी और बहन आरती ने भी घर की बदहाली और मुश्किल जिंदगी की बात स्वीकारी है.
मासूम की इस अनूठी कवायद के बाद हमीरपुर के सीडीओ अरुण कुमार सिंह ने मामले का संज्ञान लिया. उन्होंने बताया कि जांच में परिवार का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत पाया गया है. हालांकि, बुंदेलखंड के इस इलाके में आज भी ऐसे कई परिवार हैं जो झोपड़ियों में जीवन गुजारने को मजबूर हैं.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story