
x
48 घंटे में लुटेरों का खेल खत्म
दिल्ली। भारतीय नौसेना ने अरब सागर में समुद्री लुटेरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मछली पकड़ने वाली नाव 'अज़िनी' और उसके चालक दल के सभी 20 सदस्यों को सुरक्षित बचाने का दावा किया है। मुंबई से करीब 3,000 किलोमीटर से अधिक दूर समुद्र में चलाए गए इस चुनौतीपूर्ण अभियान को पूरा करने में लगभग 48 घंटे लगे। इस ऑपरेशन में भारतीय वायुसेना ने भी सहयोग किया।
जानकारी के मुताबिक, मछली पकड़ने वाली नाव 'अज़िनी' को भारी हथियारों से लैस समुद्री लुटेरों ने अपने कब्जे में ले लिया था। घटना की सूचना मिलने के बाद भारतीय नौसेना ने चालक दल को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान शुरू किया। नौसेना ने समुद्र में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच अभियान चलाकर नाव को समुद्री लुटेरों के कब्जे से मुक्त कराया। राहत की बात यह रही कि नाव पर मौजूद सभी 20 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस अभियान की जानकारी साझा करते हुए भारतीय नौसेना की सराहना की। उन्होंने बताया कि भारतीय वायुसेना के सहयोग से नौसेना ने हथियारबंद समुद्री लुटेरों के कब्जे से नाव और उसके चालक दल को सुरक्षित मुक्त कराया।
रक्षा मंत्री ने इस सफल अभियान के लिए नौसेना के जवानों को बधाई दी और उनकी बहादुरी की प्रशंसा की।
अरब सागर और आसपास के समुद्री मार्ग अंतरराष्ट्रीय व्यापार तथा मछली पकड़ने वाली नौकाओं की आवाजाही के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। इन क्षेत्रों में समुद्री डकैती जैसी घटनाएं जहाजों और चालक दल की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनी रहती हैं। भारतीय नौसेना का यह अभियान समुद्री सुरक्षा और संकट में फंसे नाविकों की सहायता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हालांकि, पकड़े गए समुद्री लुटेरों की संख्या और अभियान की अन्य परिचालन जानकारियां अभी स्पष्ट नहीं हैं।
Next Story





