भारत
निर्वाचन प्रबंधन पर भारत का वैश्विक संवाद, 21 से 23 जनवरी तक
Shantanu Roy
19 Jan 2026 7:23 PM IST

x
बड़ी खबर
Raipur. रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) लोकतंत्र और निर्वाचन प्रबंधन के क्षेत्र में भारत की वैश्विक भूमिका को और सशक्त करने जा रहा है। आयोग द्वारा इंडिया इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IICDEM) 2026 का आयोजन 21 से 23 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में किया जाएगा। तीन दिवसीय यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन संस्थान (IIIDEM) के तत्वावधान में आयोजित हो रहा है, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
IICDEM-2026 लोकतंत्र और निर्वाचन प्रबंधन के क्षेत्र में भारत द्वारा आयोजित अब तक का सबसे बड़ा वैश्विक सम्मेलन माना जा रहा है। इस सम्मेलन में दुनिया के 70 से अधिक देशों से लगभग 100 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय संगठनों, भारत में स्थित विदेशी मिशनों, निर्वाचन प्रबंधन से जुड़े अकादमिक विशेषज्ञों और व्यावहारिक पेशेवरों की भी सक्रिय उपस्थिति रहेगी। सम्मेलन का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावों को लेकर अनुभवों और सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करना है।
सम्मेलन का उद्घाटन 21 जनवरी 2026 को किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों का स्वागत करेंगे और सम्मेलन की कार्यवाही का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन सत्र में भारत के लोकतांत्रिक अनुभव, विशाल निर्वाचन प्रक्रिया और तकनीकी नवाचारों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन प्रबंधन निकायों (EMBs) से जुड़े कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित होंगे। इनमें उद्घाटन सत्र, ईएमबी नेताओं का पूर्ण सत्र, ईएमबी कार्य समूह बैठकें और विषयगत सत्र शामिल हैं। इन सत्रों में वैश्विक निर्वाचन चुनौतियों, आदर्श अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन मानकों, मतदाता भागीदारी बढ़ाने, चुनावी पारदर्शिता, डिजिटल तकनीक के उपयोग और निर्वाचन प्रक्रियाओं में नवाचार व सर्वोत्तम प्रथाओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
सम्मेलन के दौरान 36 ब्रेकआउट सत्र प्रस्तावित हैं, जिनमें विभिन्न विषयगत समूहों द्वारा गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। इन समूहों का नेतृत्व देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) करेंगे। उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अकादमिक विशेषज्ञों का सहयोग प्राप्त होगा। इन सत्रों में 4 भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IITs), 6 भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIMs), 12 राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (NLUs) और भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) सहित कई प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
भारत निर्वाचन आयोग इस अवसर पर वैश्विक सहयोग को और मजबूत करने के उद्देश्य से 40 से अधिक द्विपक्षीय बैठकें भी आयोजित करेगा। इन बैठकों में विभिन्न देशों के निर्वाचन प्रबंधन निकायों के साथ चुनावी प्रक्रियाओं, कानूनी ढांचे, तकनीकी समाधानों और संस्थागत क्षमताओं को लेकर सहयोग पर चर्चा की जाएगी। इसी दौरान आयोग द्वारा विकसित एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘ECINET’ का औपचारिक शुभारंभ भी किया जाएगा, जो निर्वाचन से जुड़ी सभी जानकारियों और सेवाओं के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा।
सम्मेलन के साथ-साथ एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में भारत की निर्वाचन प्रक्रिया के विशाल स्वरूप, उसकी जटिलताओं और निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची की तैयारी तथा चुनाव संचालन को सुदृढ़ करने के लिए हाल के वर्षों में उठाए गए कदमों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, IICDEM-2026 के पहले दिन विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक अभ्यास लोकसभा चुनाव 2024 की परिकल्पना और क्रियान्वयन को दर्शाने वाली डॉक्यू-सीरीज़ “इंडिया डिसाइड्स” का विशेष प्रदर्शन भी किया जाएगा। यह सम्मेलन भारत को वैश्विक लोकतांत्रिक संवाद का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है।
Next Story





