भारत

अमेरिका ने वेनेजुएला पर हमला किया, भारत की पहली प्रतिक्रिया आई

jantaserishta.com
4 Jan 2026 1:48 PM IST
अमेरिका ने वेनेजुएला पर हमला किया, भारत की पहली प्रतिक्रिया आई
x

नई दिल्ली: वेनेजुएला की राजधानी कराकस पर किए गए अमेरिकी हमले के बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क लाया गया है. अमेरिका ने इस ऑपरेशन को 'ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिजॉल्व' नाम दिया है. वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि फिलहाल वेनेजुएला को अमेरिका चलाएगा.

वेनेजुएला में हालिया घटनाक्रम पर भारत के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर चिंता जताई है और कहा कि हम स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने एक्स पर बयान जारी कर कहा, 'भारत वेनेजुएला के लोगों की भलाई और सुरक्षा के प्रति अपना समर्थन दोहराता है. हम सभी संबंधित पक्षों से क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए बातचीत के जरिए से शांतिपूर्ण समाधान निकालने की अपील करते हैं.'
MEA ने अपने बयान में आगे कहा कि काराकास स्थित भारतीय दूतावास भारतीय समुदाय के सदस्यों के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान करना जारी रखेगा. लॉस एंजिल्स की मेयर करेन बास ने शनिवार को ट्रंप प्रशासन की आलोचना करते हुए वेनेजुएला के नेता निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ने वाले अमेरिकी सुरक्षा बलों के विशेष ऑपरेशन को लापरवाही भरा फैसला करार दिया है.
उन्होंने एक्स पर बयान साझा कर कहा कि मादुरो को सत्ता से हटाने के लिए वेनेजुएला पर हमला करने से अराजकता और हिंसा का खतरा है और इससे अमेरिका एक ऐसे संघर्ष में फंस सकता है, जिसमें अमेरिका की जनता फंसना नहीं चाहती.
उन्होंने आगे कहा कि लॉस एंजिल्स शांति, लोकतंत्र और कूटनीति के लिए खड़ा रहेगा. वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए NATO के एक पूर्व कमांडर ने शनिवार को चेतावनी दी कि वेनेजुएला में संभावित दुश्मनी के कारण अमेरिका के लिए ग्राउंड लेवल पर सेना तैनात करके तेल संसाधनों को सुरक्षित करना मुश्किल हो सकता है.
CNN से बात करते हुए पूर्व कमांडर ने कहा, 'किसी ऐसे देश में तेल पर कब्जा बनाए रखना मुश्किल होगा जो शत्रुतापूर्ण हो सकता है. उन्होंने ये भी कहा कि सैन्य ऑपरेशन के बाद की स्थिति अभी-भी स्पष्ट नहीं है.'
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिका की अभूतपूर्व सैन्य कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है. उन्होंने किसी संप्रभु देश पर एकतरफा हमले को 'युद्ध की कार्रवाई' करार देते हुए इसे संघीय और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन बताया. भारतीय मूल के मेयर ममदानी ने कहा कि उन्होंने इस कार्रवाई के विरोध में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सीधे बातचीत की है.
इस बीच चीन ने वेनेजुएला में अमेरिका के एक्शन पर कड़ा विरोध जताया है. चीन ने कहा कि अमेरिका वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उन्हें तुरंत रिहा करे. साथ ही वेनेजुएला की सरकार को गिराने के प्रयास बंद करे. संवाद और बातचीत के माध्यम से मुद्दों का समाधान करने का प्रयास हो.
वेनेजुएला पर अमेरिकी सुरक्षाबलों द्वारा की गई एयरस्ट्राइक की खबर लीक हो गई थी, लेकिन अमेरिका की प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान- न्यूयॉर्क टाइम्स और वाशिंगटन पोस्ट ने जवानों की सुरक्षा को लेकर इस खबर का प्रकाशन नहीं किया था.
सेमाफोर को इस मामले से परिचित दो लोगों ने बताया कि न्यूयॉर्क टाइम्स और वाशिंगटन पोस्ट को शुक्रवार रात को वेनेजुएला पर होने वाली एयरस्ट्राइक के बारे में जानकारी मिली थी, लेकिन उन्होंने अमेरिकी सैनिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस जानकारी को प्रकाशित नहीं करने का फैसला किया था.

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story
    null