भारत

भारतीयों ने 75वें स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाने अपना गाया राष्ट्रगान वेबसाइट पर किया अपलोड

Admin4
14 Aug 2021 10:44 PM IST
भारतीयों ने 75वें स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाने अपना गाया राष्ट्रगान वेबसाइट पर किया अपलोड
x
1.5 करोड़ से अधिक भारतीयों ने 75वें स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाने के लिए सरकार के पोर्टल राष्ट्रगान डॉट इन पर राष्ट्रगान को रिकॉर्ड कर और अपलोड किया है.

जनता से रिश्ता वेबडेस्क :- संस्कृति मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि 1.5 करोड़ से अधिक भारतीयों ने 75वें स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाने के लिए सरकार के पोर्टल राष्ट्रगान डॉट इन पर राष्ट्रगान को रिकॉर्ड कर और अपलोड किया है. 25 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 'मन की बात' रेडियो कार्यक्रम में देश की जनता से एक साथ राष्ट्रगान गाने का आह्वान किया था. यह आह्वान किसी मंत्र की तरह समूचे भारत वासियों के मन मे समा गया और देखते ही देखते सबने मिलकर एक अपराजेय कीर्तिमान रच डाला.

संस्कृति मंत्रालय ने कहा, 'पूरा भारत देश आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए उत्साह से तैयार हो गया है. सारे देश ने इसका जयघोष एक साथ राष्ट्रगान गाकर कर दिया है. डेढ़ करोड़ देशवासियों की ओर से अपना गाया राष्ट्रगान वेबसाइटपर अपलोड किया जाना एक असाधारण कीर्तिमान बना है. यह भारत की एकता, अखंडता और समरसता है.
केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय की पहल पर 15 अगस्त तक राष्ट्रगान गाकर वेबसाइट पर अपलोड करने का कार्यक्रम रचा गया. इसमे देश का सभी हिस्सों से, सभी वर्गों से लोगो ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया. बच्चे, बुजुर्ग, युवा, महिलाएं मानो कोई किसी से पीछे नही रहना चाहता था. नामी गिरामी कलाकार, जाने माने विद्वान, बड़े से बड़े नेता, आला अफसर, जाबांज सिपाही, मशहूर खिलाड़ियों से लेकर किसान, मजदूर, दिव्यांग तक सभी ने बराबरी से इसमे भाग लिया और एक स्वर में राष्ट्रगान गाया.
'राष्ट्रगान हमारी आन बान शान का प्रतीक'
संस्कृति मंत्रालय ने कहा कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक और अरुणाचल प्रदेश से लेकर कच्छ तक सभी दिशाओं से जन गण मन के ही स्वर गूंज रहे हैं. भारत के बाहर रहने वाले देशवासियों ने भी इसमें उत्साह से हिस्सा लिया और दिखा दिया कि तन उनका भले ही दूसरे देश में हो लेकिन मन तो उनका इसी भारत भूमि में रचा बसा है. हजारों मील दूर किसी कोने में बैठे भारतवासी ने जब अकेले में राष्ट्रगान गाया तो उसका स्वर एक सौ छत्तीस करोड़ देशवासियों एकाकार हो गया.
उसने कहा कि सिर्फ 21 दिन में डेढ़ करोड़ की संख्या पार हो जाना इस बात का प्रतीक है कि अगर भारतीय ठान लें तो कोई लक्ष्य कठिन नहीं हैं. यह इस बात का भी प्रतीक है कि डिजिटल इंडिया का भी स्वप्न साकार होने वाला है क्योंकि हर भारत वासी ने डिजिटल तकनीक का उपयोग करके अपना गान अपलोड किया है. राष्ट्रगान हमारी आन बान शान का प्रतीक है. राष्ट्रगान गाने के इस कार्यक्रम से सभी मे उत्साह और उमंग का तो संचार हुआ ही है. साथ पूरे विश्व को भी भारत की मजबूत एकता का संदेश मिल गया है.


Next Story