भारत

भारतीय रेलवे का फैसला: चलेगी आस्था स्पेशल ट्रेन, इन तीर्थ स्थलों के कर सकते है दर्शन

jantaserishta.com
9 Jan 2021 10:57 AM IST
भारतीय रेलवे का फैसला: चलेगी आस्था स्पेशल ट्रेन, इन तीर्थ स्थलों के कर सकते है दर्शन
x
DEMO PIC 

कोरोना काल के बीच श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के लिए भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. समस्तीपुर रेलमंडल के रक्सौल स्टेशन से 14 दिनों की यात्रा के लिए आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन 31 जनवरी को खुलेगी. रेलवे ने सुखद यात्रा कराने को लेकर खास तैयारियां शुरू कर दी हैं. आस्था स्पेशल ट्रेन में श्रद्धालुओं को सब्सिडी के तहत काफी कम बजट में बढ़िया पैकेज दिया जाएगा.

रेलवे के मुताबिक कोविड के मद्देनजर आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन (Astha Circuit Special Train) में आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए आइसोलेशन कोच भी लगाए जाएंगे. इसके साथ ही ट्रेन में डॉक्टर भी रहेंगे. कोविड-19 के गाइडलाइंस को ध्यान में रखते हुए आस्था स्पेशल ट्रेन में मास्क और सैनेटाइजर का इंतजाम भी किया जाएगा. माना जा रहा है कि आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन एक तरह से सुरक्षा कवच के साथ श्रद्धालुओं को तीर्थ स्थलों की यात्रा कराएगी.
31 जनवरी को रक्सौल से खुलेगी आस्था स्पेशल ट्रेन
बिहार के पर्यटकों की विशेष मांग पर IRCTC की कोरोना महामारी के दौरान बंद हुई आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन पुनः चलाने की योजना है. आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि यह ट्रेन 31 जनवरी 2021 को रक्सौल से सुबह 8 बजे खुलेगी. सीतामढ़ी ,दरभंगा ,समस्तीपुर, मुज़फ्फरपुर, पटना, मोकामा, किउल, आसनसोल के यात्रियों को लेते हुए ये ट्रेन 2 फरवरी को तिरुपति पहुंचेगी.
श्रद्धालु करेंगे दक्षिण भारत के तीर्थ स्थलों के दर्शन
रेलवे ने आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन से 14 दिनों के अंदर यात्रियों को दक्षिण भारत के महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों के दर्शन कराने का पूरा खाका तैयार किया है. इसमें सबसे पहले श्रद्धालुओं को तिरुपति में बालाजी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे. इसी तरह मदुरई में मीनाक्षी मंदिर, रामेश्वरम में रामनाथस्वामी मंदिर, कन्याकुमारी में कन्याकुमारी टेंपल और विवेकानंद रॉक. वहीं त्रिवेंद्रम में पद्मनाभस्वामी मंदिर और अंत में पुरी के जगन्नाथ टेंपल के दर्शन कराए जाएंगे.
खाने से लेकर पानी तक का होगा इंतज़ाम
आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन में श्रद्धालुओं के लिए स्लीपर क्लास की व्यवस्था होगी. वहीं, शाकाहारी भोजन, पानी की बोतल के साथ घूमने के लिए बस, रहने के लिए धर्मशाला की व्यवस्था, प्रत्येक कोच में सिक्योरिटी गार्ड एवं टूर एस्कॉर्ट उपलब्ध रहेगा. कुल मिलाकर आईआरसीटीसी (रेलवे) ने कम खर्च पर बिहार के लोगों को दक्षिण भारत के तीर्थ स्थलों के दर्शन कराने की पूरी व्यवस्था की है.
कितना होगा किराया?
आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन 31 जनवरी को चल कर 13 फरवरी को लौट आएगी. यह पूरी यात्रा 13 रात और 14 दिनों की होगी और इसका कुल किराया सब्सिडी के तहत 13230 रुपये रखा गया है. बता दें कि ट्रेन चलाने की घोषणा होते ही पांच सौ श्रद्धालुओं ने बुकिंग भी करा ली है.

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story