भारत

मॉस्को में आज भारतीय अधिकारियों ने तालिबान के प्रतिनिधियों से की मुलाकात

Admin4
20 Oct 2021 11:10 PM IST
मॉस्को में आज भारतीय अधिकारियों ने तालिबान के प्रतिनिधियों से की मुलाकात
x
मॉस्को में भारतीय अधिकारियों ने आज एक बार फिर तालिबान के प्रतिनिधियों से मुलाकात की

जनता से रिश्ता वेबडेस्क :- Indian Delegation Meets Taliban Representatives: भारतीय अधिकारियों ने आज एक बार फिर तालिबान के प्रतिनिधियों से मॉस्को में मुलाकात की. अफगानिस्तान में तालिबान के शासन के बाद यह दूसरी मुलाकात है. अफगानिस्तान पर सम्मेलन में हिस्सा लेने मॉस्को पहुंचे भारतीय अधिकारियों ने वहां मौजूद तालिबान सरकार के प्रतिनिधिमंडल से अलग से मुलाकात की.

भारतीय अधिकारियों और तालिबानी प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है और सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक चर्चा में सभी ज़रूरी मुद्दे उठाए गए.
दरअसल, अफगानिस्तान के हालात पर रूस की तरफ बैठक बुलाई गई. इस बैठक में पाकिस्तान, चीन, ईरान, रूस, तजाकिस्तान, किर्गिस्तान और उज्बेकिस्तान जैसे देशों के प्रतिनिधि मौजूद रहे. बैठक में भारत ने एक बार फिर से अफगानिस्तान को मानवीय सहायता देने की मंशा भी ज़ाहिर की. सूत्रों ने बताया कि बैठक में मानवीय सहायता उपलब्ध कराने और विकास परियोजनाओं को बहाल करने समेत कई मुद्दों पर बात हुई.
तालिबान प्रवक्ता जबिउल्लाह मुजाहिद ने कहा, ''बैठक में मौजूद भारत के अधिकारियों ने कहा है कि अफगानिस्तान के लोगों को मानवीय मदद की जरूरत है. अफगानिस्तान मुश्किल हालात से गुजर रहा है और भारत ऐसे में मानवीय सहायता देने को तैयार है.''
तालिबान ने अफगानिस्तान पर 15 अगस्त को कब्जा कर लिया था. इसके कुछ दिनों बाद 31 अगस्त को दोहा में तालिबानी नेता शेर मोहम्मद अब्बास स्तानिकजई की अगुवाई में एक दल भारत के राजदूत दीपक मित्तल से मिला था.


Next Story